Video गोंडा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कंटेनर में लगी आग, टला बड़ा हादसा
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार। गोंडा-लखनऊ मार्ग स्थित श्रीराम फिलिंग स्टेशन के निकट उस समय अफरा तफरी मच गई जब करनैलगंज से लखनऊ की ओर जा रहा गत्ते से भरा एक कंटेनर पेट्रोल पंप जाने वाली हाईटेंशन की लाइन से छू गया। कंटेनर के लाइन से छूते ही उसमें आग लग गई। चालक किसी प्रकार अपनी जान बचाकर भागा। आनन फानन में सूचना पुलिस व फायर टेंडर को दी गई। मौके पर समय से पहुंचे फायर टेंडर के जवानों ने अपनी सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे की है।
राजस्थान निवासी कंटेनर चालक अनिल अपने कंटेनर में गत्ता भरकर काशीपुर उत्तराचंल जा रहा था। वह करनैलगंज से आगे श्रीराम फिलिंग स्टेशन पहुंचा ही था, कि उसका कंटेनर पेट्रोल पंप की हाईटेंशन लाइन से छू गया। बिजली की चपेट में आने से कंटेनर में आग लग गयी और उसके टायर जलने लगे। टायर से धुंआ निकलता देख ड्राइवर अनिल ट्रक से नीचे कूद गया और अपनी जान बचाई। इसके बाद वह मदद की गुहार लगाने लगा। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस व फायर विभाग को घटना की सूचना दी। फायर विभाग के इंस्पेक्टर नित्यानंद यादव की अगुवाई में विरेन्द्र यादव, रविशंकर गौड़, आलोक यादव, रघुनाथ चौधरी व अभिषेक की टीम मौके पर पहुंची और बिजली सप्लाई बंद करवाकर आग बुझाना किया। फायर कर्मियों ने कुछ ही देर मे कंटेनर की आग पर काबू पा लिया।
वहीं सूचना मिलने के एक घंटे बाद तक स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिसको लेकर वहां मौजूद लोग जहां पुलिस की आलोचना कर रहे थे तो वहीं फायर कर्मियों के लिये उनकी आंखो में सम्मान के भाव दिखाई दिए।
#VIDEO गोंडा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कंटेनर में लगी आग, टला बड़ा हादसा #gonda #gondafire pic.twitter.com/XmFRPmJcpQ
— Amrit Vichar (@AmritVichar) March 22, 2024
ये भी पढ़ें -केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद AAP कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, हिरासत में आतिशी समेत ये बड़े नेता
