Kanpur Dehat Accident: आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली में डीसीएम ने मारी टक्कर, हादसे में तीन लोग घायल
कानपुर देहात में हादसे में तीन घायल
कानपुर देहात, अमृत विचार। मुंगीसापुर क्षेत्र के बिहारघाट चौकी अंतर्गत मवई मुक्ता के पास आलू लेकर चकरपुर जा रहे ट्रैक्टर में पीछे से तेज रफ्तार आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी किसान राजेश उर्फ कल्लू (45) गांव के ही चालक धर्मेंद्र (30) की ट्रैक्टर ट्राली में आलू लेकर शुक्रवार सुबह कानपुर नगर की चकरपुर मंडी बेचने जा रहे थे। तभी बिहारघाट चौकी से पहले आलू की कुछ बोरियां सड़क कर नीचे गिर गई। जिन्हें उठाकर ट्रैक्टर में रखने के बाद जैसे ही वह चलने लगे।
तभी कानपुर-इटावा हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रनियां थाना क्षेत्र के चिराना गांव निवासी डीसीएम चालक आशीष गौतम (23) व परिचालक राजा तथा ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बिहारघाट रामवीर सिंह ने तीनों घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल उपचार भेजा। उन्होंने क्षतिग्रस्त डीसीएम व ट्रैक्टर ट्राली को हाईवे किनारे कराकर आवागमन सुचारू कराया। चौकी इंचार्ज ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
