बहराइच: कहासुनी में युवक पर किया धारदार हथियार से हमला, जिला अस्पताल रेफर
बहराइच, अमृत विचार। खैरीघाट थाना क्षेत्र के बरूही टेपरी गांव निवासी एक युवक का पड़ोसी से रात में कहा सुनी हुई। इससे नाराज दबंगों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज कर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ी टपरी के मजरा चिरमारनपुरवा निवासी राकेश कुमार (30) का अपने पड़ोसी पप्पू, राजू और चंद्रभाल से विवाद हुआ। इससे नाराज सभी ने राकेश की पिटाई की। जिला अस्पताल में भर्ती राकेश ने बताया कि पप्पू, राजू, चंद्रभाल और संजू ने उसे पकड़ कर धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर शिवम मिश्रा ने बताया कि गले पर रेतने के निशान हैं। इलाज के बाद हालत में सुधार है। प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी ने नशे में विवाद किया है।
ये भी पढ़ें -BSP सांसद रामशिरोमणि वर्मा पार्टी से निष्कासित, अनुशासनहीनता पर हुआ एक्शन
