Moradabad News : मुरादाबाद में उड़ा अबीर-गुलाल, बाजार में उमड़ी खरीदारों को भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

होली की खरीदारी को बाजार में भीड़, मिसाइल-बैलून पिचकारी, ड्रैगन, छोटा भीम व डोरेमोन छोटे बच्चों को भा रहे

मुरादाबाद, अमृत विचार। रंगों के त्योहार होली का जश्न मनाने के लिए अबीर-गुलाल और हर्बल रंगों से बाजार सज गए हैं। रेडीमेड कपड़ों से लेकर पिचकारी की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। बाजार में मिसाइल पिचकारी, ड्रैगन, छोटा भीम, डोरेमोन और टैंक, गन, बैग, बैलून पिचकारी छोटे बच्चे खूब पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा गुलाल वाला सिलेंडर की खूब पसंद किया जा रहा है।

रंगों के पर्व होली पर बाजार सज गए हैं। टाउनहॉल, बुधबाजार, बर्तन बाजार, हरथला समेत अन्य प्रमुख क्षेत्रों में गारमेंट-रेडीमेड और ब्रांडेड कपड़ों के बाजार पर रौनक है। युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों को आकर्षित करने के लिए नई वैराइटी के साथ ऑफर की भरमार है। शो-रूमों से लेकर फुटपाथों तक पर जूतों-सैंडिलों की दुकानें लगी हैं। इनके खरीदार आने शुरू हो गए हैं। होली को लेकर पिचकारी की दुकानें भी सज गई हैं। रंग-बिरंगी व आकर्षक पिचकारियां बच्चों का मन मोह रही हैं। हालांकि कुछ दुकानदारों के पास पिछले वर्ष का स्टॉक बचा हुआ है। बाजार में मिसाइल पिचकारी, ड्रैगन, छोटा भीम, डोरेमोन और टैंक, गन, बैग, बैलून पिचकारी छोटे बच्चे खूब पसंद कर रहे हैं। 

इसके अलावा गुलाल वाला सिलेंडर की खूब पसंद किया जा रहा है। इस बार बाजार में कलर बम भी आया है। जिससे अलग-अलग रंग का गुलाल उड़ता है। साथ ही कई अलग-अलग पाइप में लगे रंगीन गुब्बारे बाजार में आए हैं, जिनसे एक साथ बहुत सारे गुब्बारे तैयार हो जाएंगे। बाजार में यह मैजिक बैलून के नाम से मिल रहे हैं। टाउनहॉल के दुकानदार गोपाल जायसवाल ने बताया कि इस बार 100 से 2000 रुपये तक की पिचकारी बाजार में उपलब्ध है। बच्चों में नए-नए कार्टून पर आ रही पिचकारियों की काफी मांग है।

होली के दिन चांदी का सिक्का खरीदना होगा शुभ
महानगर में होली के त्योहार को यादगार बनाने के लिए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों पर पूरी तरह होली का रंग चढ़ा हुआ है। होली पर रंग के अलावा चांदी का सिक्का खरीदना भी शुभ होता है। होली के मौके पर आप चांदी का सिक्का खरीद सकते हैं। होली के दिन सिक्के की पूजा करने के बाद तिजोरी में रख दें। ऐसा करने से आपकी आर्थिक परेशानियां दूर हो जाएंगी। हरथला शिवमंदिर के पुजारी पं. मनोज पाठक ने बताया कि होली के दिन चांदी का सिक्का खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। साथ ही एक छोटा सा सिक्का खरीद लें। इसके बाद इसे पीले रंग के कपड़े में हल्दी के साथ बांध दें। इसे मां लक्ष्मी की मूर्ति के पास स्थापित कर दें। साथ ही होलिका दहन की राख को डिब्बी में रख कर इसे तिजोरी या अलमारी में रखें। इससे धन की कमी नहीं होगी। साथ ही चांदी का छल्ला खरीदने और होली के दिन इसकी विधिवत पूजा करने से विशेष फलों की प्राप्ति होती है। पूजा करने के बाद इसे धारण कर ले। ऐसा करने से आपके भाग्य में सुधार होगा।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : भाजपा कर रही लोकतंत्र का हनन, केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बरसे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद

संबंधित समाचार