Kanpur News: लीकेज मरम्मत के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूर दबे, एक की मौत, जवाब देने से बचते रहे अधिकारी
कानपुर में लीकेज मरम्मत के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत
कानपुर, अमृत विचार। श्याम नगर में वाटर लाइन लीकेज की मरम्मत के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूर दब गए थे, इस दौरान नारामऊ निवासी एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था। साथी मजदूरों ने घायल को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
चकेरी, श्याम नगर स्थित वार्ड 74 पार्षद नीलम शुक्ला ने बताया कि हरिहर धाम के सामने सड़क पर करीब 15 दिन पहले से लीकेज था। इलाकाई लोगों की शिकायत पर जल निगम अधिकारियों से मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया था। आरोप है कि करीब 10 दिन पहले ठेकेदार करीम लाला ने लीकेज की खोदाई करके मिट्टी सड़क पर डाल दी थी, जिससे राहगीर गिरकर चुटहिल हो रहे थे।
आलाधिकारियों से शिकायत के बाद शनिवार को मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया था। इस दौरान जेसीबी से पानी निकालने के कारण सीवर लाइन भी टूट गई, जिस पर गड्ढे में तेजी से पानी भरने लगा। पानी के कारण मिट्टी खोखली होकर धंस गई, जिसकी चपेट में आने से कल्याणपुर के नारामऊ निवासी मजदूर रामजी (27) समेत दो अन्य मजदूर धंस गए।
गड्ढे में पूरी तरह से समाने में रामजी गंभीर रुप से घायल हो गया। आनन-फानन में साथी मजदूरों ने उसे कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे उर्सला रेफर कर दिया। हालात में सुधार न होने पर उसे हैलट रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी होने पर सुपरवाइजर नीरज और ठेकेदार ने फोन बंद कर दिया। वहीं जल निगम के जेई अतुल कुमार से फोन पर बातचीत की तो पहले किसी शख्स ने व्यस्त होने की बात की। उसके बाद उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया। जबकि जल निगम में अधिशासी अभियंता अजमल हुसैन को फोन मिलाया गया, लेकिन उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया।
वहीं पार्षद नीलम शुक्ला ने बताया कि उन्होंने समस्या के लिए शिकायत की तो मरम्मत का कार्य शुरू हुआ था लेकिन ठेकेदार लापरवाही कर रहा था। शनिवार को भी ठेकेदार की लापरवाही के कारण तीन मजदूर दब गए। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha 2024: बूथ मैनेजमेंट प्लान बना रहीं कांग्रेस और सपा...आलोक मिश्रा के नाम पर सपा विधायक सहमत
