बहराइच: जिले में पांच हजार से अधिक स्थानों पर जलेगी होलिका, पुलिस की चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
बहराइच, अमृत विचार। जनपद में रविवार रात को शुभ मुहूर्त में पांच हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगी। होलिका दहन के लिए स्थल पर होलिहारों की ओर से झालर और गुब्बारे भी लगाए गए हैं। अब लोगों को सुबह का इंतजार है।
जिले में रविवार की सुबह से फाग व होली गीतों के बीच गुलाल उड़ा तो रंग बिरंगी छटा बिखर गई। होली का उत्साह, उमंग और उल्लास जिलेभर में छाया हुआ है। ऐसे में रात को होलिका दहन होगी। इसके लिए पूजा समिति की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। पंडित राधा कृह्ण पाठक ने बताया कि रात 10.27 बजे शुभ मुहूर्त में होलिका दहन होगी।
उधर शहर के डिगिहा तिराहा, अस्पताल चौराहा, पीपल चौराहा, छोटी बाजार, छावनी बाजार व पानी टंकी समेत अन्य स्थानों पर पिचकारी व अबीर-गुलाल से दुकानें सजी हुईं हैं। होली को खास बनाने के लिए शहर को केसरिया रंग से सजाया गया है। बुधवार की सुबह से ही बाजारों व चौक-चौराहों पर चहल-पहल बनी रही। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चों ने आपस में जमकर होली खेली। लोगों ने परिवार के साथ बाजार पहुंचकर जमकर खरीदारी की। पिचकारी व रंग की दुकानों पर अधिक भीड़ उमड़ी रही। रविवार सुबह से ही चौक चौराहों के साथ गांवों में लोग रंगों की बौछार होती रही। लोग यात्रियों के साथ आम लोगों को भी रंगों से सराबोर करते दिखे।
पुलिस की है पैनी नजर
शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र रिसिया, मटेरा, नानपारा, रुपईडीहा, नवाबगंज, बाबागंज, कैसरगंज, जरवलरोड, पयागपुर, विशेश्वरगंज, मुर्तिहा, मोतीपुर व गायघाट समेत अन्य स्थानों पर होली की धूम मची हुई है। पूरे जिले में पांच हजार स्थानों पर होलिका दहन होगा। पुलिस लाइन के सिपाही भी ड्यूटी में लगा दिए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के चौक-चौराहों से लेकर गलियों तक पुलिस गश्त जारी रहेगी। पुलिस अराजक तत्वों पर नजर बनाए है।
वृंदा शुक्ला एसपी, बहराइच

यह भी पढ़ें: रायबरेली: पिकअप की टक्कर से दिहाड़ी श्रमिक की मौत, परिवार में कोहराम
