Auraiya: बाइक और ऑटो में हुई जोरदार भिड़ंत; महिला समेत 2 की मौत, छह लोग गंभीर रूप से घायल, सभी अस्पताल में भर्ती
औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत मुरादगंज के पास मुगल रोड पर ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार युवक सहित ऑटो में बैठी एक महिला की मौत हो गई। वहीं मृतक महिला का तीन वर्षीय पुत्र घायल हो गया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक निवासी प्रबल सिंह (25) पुत्र जितेंद्र कुमार मंगलवार को बाइक से गांव से मुरादगंज जा रहा था। जैसे ही वह दलेलनगर के पास पहुंचा था। तभी सामने आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक सहित ऑटो में बैठी सवारियां घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने प्रबल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो में बैठी सवारियों में आशा पत्नी कुंवर लाल निवासी कोठी कस्वाजाना, यश बाबू पुत्र शिव पाल निवासी धर्मपुर फफूंद, बुधवती पत्नी राजेंद्र निवासी धर्मपुर फफूंद, रविंद्र पुत्र छोटेलाल, त्रिवेणी पत्नी रविंद्र निवासीगण अयाना और डेढ़ वर्षीय अज्ञात बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया।
वही इलाज के दौरान ऑटो में सवार एक महिला की भी मौत हो गई। मृतक महिला की शिनाख्त चंद्र प्रभा पत्नी गब्बर सिंह निवासी खेराडांडा थाना अयाना के रूप में हुई। मृतक महिला का बच्चा भी बुरी तरह से घायल हुआ है। सीओ राममोहन शर्मा ने बताया कि बाइक और ऑटो की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक युवक और महिला की पहचान कर ली गई है।
मृतक महिला का डेढ़ वर्षीय बच्चा भी गंभीर घायल है, उसे सैफई रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों को भी सौ सैय्या अस्पताल के लिए रेफर किया गया। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
