Kanpur: होली खेलने से आंख हो गई लाल...बदन में हो रही खुजली से लोग परेशान, हैलट व उर्सला की ओपीडी में दिखाने पहुंचे मरीज
कानपुर के हैलट व उर्सला की ओपीडी में पहुंचे मरीज
कानपुर, अमृत विचार। केमिकलयुक्त रंग, अबीर व गुलाल की वजह से दो दर्जन से अधिक लोग मंगलवार को हैलट पहुंचे। एक बच्चे की आंख में रंग जाने से उसकी पुतली में घाव हो गया। हैलट अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में मंगलवार को 13 मरीज ऐसे पहुंचे, जिनकी आंखों में रंग चला गया था। मरीजों की आंख में सूजन, लालिमा, आंख से पानी आना, देखने में समस्या होना आदि दिक्कत हो रहीं थी। वहीं, बर्रा के एक बच्चे की आंख की पुतली में रंग जाने से घाव तक हो गया।
इसी तरह चर्म रोग विभाग की ओपीडी में 23 मरीज ऐसे पहुंचे, जिनको केमिकलयुक्त रंग की वजह से त्वचा में जलन, छाले जैसे निशान उभरा, लालपन, त्वचा में दाने आदि समस्या हुई। यहीं, हाल उर्सला, केपीएम व कांशीराम संयुक्त अस्पताल का भी रहा।
तीनों अस्पताल में 30 से अधिक मरीज आंख में रंग जाने व त्वचा रोग के पहुंचे। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी मोहन ने बताया कि बाजार में मिलने वाले कुछ सिंथेटिक रंग रसायनों से बनते हैं जिनमें सीसा जैसे धातुओं का प्रयोग किया जाता है। रंगों में मौजूद छोटे-छोटे सीसा के कण आंखों में जाकर कॉर्निया को नुकसान पहुंचाते हैं।
चर्म रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.डीपी शिवहरे ने बताया कि ओपीडी में करीब दो दर्जन मरीज आए। मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल के विभागाध्यक्ष डॉ.संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ओपीडी में 10 मरीज नाक व मुंह में रंग चले जाने की वजह से ओपीडी में पहुंचे, जिनको पहले से ही सांस की दिक्कत थी।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha 2024: BJP से टिकट मिलने पर पहली बार शहर पहुंचे रमेश अवस्थी...स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की जुटी भीड़
