UP Board: यूपी बोर्ड की 5.14 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा
बुधवार को जांची गयी हाईस्कूल की 33626 व इंटर की 37292 कापियां
गोंडा, अमृत विचार। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडियट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है। बुधवार को हाईस्कूल की 33626 व इंटरमीडियट की 37292 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। ज़िले के चारों मूल्यांकन केंद्रों पर अब तक 513992 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है। अब सिर्फ 75602 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शेष रह गया है। उम्मीद है कि इसे भी बृहस्पतिवार तक पूरा कर लिया जायेगा।
यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले के राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज व स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में हाईस्कूल की व राजकीय इंटर कॉलेज व सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में इंटरमीडियट की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा रही हैं। 31 मार्च तक मूल्यांकन का कार्य पूरा किया जाना है। 16 मार्च से प्रारंभ हुआ मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है।
बुधवार को कुल 70918 कापियां जांची गयीं। इनमें हाईस्कूल की 33626 व इंटरमीडियट की 37292 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जिले को कुल 6.31 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का लक्ष्य मिला था। इनमें से हाईस्कूल की 3 लाख 3 हजार 43 व इंटर की 2लाख 86 हजार 551 उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों को आवंटित की गयी थीं।
मूल्यांकन कार्य के लिए 2441 परीक्षक व 254 डीएचई की ड्यूटी लगाई गयी है। अब तक हाईस्कूल की 2 लाख 61 हजार 606 व इंटर की 2 लाख 52 हजार 386 कापियों समेत कुल 5 लाख 13 हजार 992 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है। अब सिर्फ 75 हजार 602 कापियां जांचने के लिए शेष बची हैं। उम्मीद है कि उनका मूल्यांकन भी बृहस्पतिवार तक पूरा कर लिया जायेगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: ट्यूशन से लौट रही बालिका पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर किया घायल
