शाहजहांपुर: दोस्त की पत्नी से लड़ी आंख...अवैध संबंध में कर दी पति की हत्या, दोनों ने मिलकर गला घोंटा
DEMO IMAGE
बंडा, अमृत विचार: जहां एक ओर सब लोग होली की तैयारियों में जुटे हुए थे, वहीं दूसरी ओर एक महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारने की योजना बना रही थी और उसकी योजना सफल भी हो गई।
महिला के प्रेमी ने पति को शराब पिलाने के बाद घर छोड़ दिया। बाद में रात के तीन बजे के करीब उसकी पत्नी के साथ मिलकर युवक को मौत के घाट उतार दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों को गांव के बाहर से भागते समय पकड़ लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बंडा के गांव ददिउरी निवासी सत्येंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राजीव शनिवार 23 मार्च की रात शराब के नशे में घर पर आया था और सुबह पांच बजे उसे अपने भाई की मौत की सूचना मिली। उसके बाद पुलिस को सूचना देकर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया था। बाद में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। अब तक वह अपने भाई राजीव कुमार की मौत की जानकारी करता रहा था।
इस दौरान उसे पता चला कि करीब एक वर्ष पूर्व उसका भाई गांव के ही सनोज कुमार के साथ भूसा बनाने वाली मशीन को चलाने के लिए गोरखपुर गया था। गेहूं की कटाई का काम करके सीजन समाप्त होने पर वह अपने घर वापस आ गया था। तभी से सनोज का उसके भाई के घर पर आना जाना हो गया था और उसके भाई राजीव की पत्नी भागवती देवी के साथ सनोज के अवैध संबंध भी हो गये थे।
उसने अपने भाई राजीव को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन उसके भाई राजीव ने भरोसे के चलते सनोज और अपनी पत्नी पर शक नहीं किया। शनिवार की शाम सनोज उसके भाई राजीव को उसके घर से बुलाकर अपने साथ अपने घर ले गया और उसे शराब पिलाकर रात करीब दस बजे वापस उसी के घर पर छोड़कर चला गया
उसके बाद राजीव की पत्नी भागवती ने सनोज को बुलाकर उसके भाई राजीव की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। सत्येंद्र ने दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की थी। जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्या के निर्देशन में एक टीम का गठन कर दिया गया था। जिसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्या, महिला दरोगा पूजा तोमर, सिपाही विष्णु और दीपक कुमार बंडा पूरनपुर नेशनल हाइवे के ददिउरी तिराहे पर पहुंचे। सुबह करीब सवा दस बजे पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि राजीव दोनों के प्यार में रोड़ा बन रहा था, जिस कारण उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई। षड्यंत्र के तहत उसे शराब पिलाकर घर पर छोड़ा गया।
बाद में रात के तीन बजे राजीव की पत्नी भागवती और सनोज ने मिलकर दुपट्टे से उसका गला दबाकर राजीव को मौत के घाट उतार दिया। दोनों की निशानदेही के आधार पर दुपट्टे को बरामद कर लिया गया और रिपोर्ट दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर न्यायिक हिरासत में भेजा है।
बेटे को भेज दिया था मायके...
भाई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि राजीव की पत्नी ने अपने ही बच्चों के सिर से पिता का साया उठवा दिया है। बच्चों को अब तक नहीं पता है कि उनकी मां ही उनके पिता की हत्यारोपी है। आठ साल के विनय को उसकी मां ने अपने मायके भेज दिया था और छोटा पुत्र गौरव अभी महज चार साल का भी नहीं हुआ है।
राजीव की ससुराल पीलीभीत जिले के थाना जरा कोठी के गांव सिसैया में है। राजीव की ससुराल वाले उसकी मौत वाले दिन आए थे, लेकिन रुके नहीं और वापस चले गये। बुधवार को भी जब राजीव की पत्नी भागवती और उसके प्रेमी सनोज को जेल भेजा गया, तब भी उसके मायके पक्ष से कोई भी उसे देखने नहीं आया।
भागवती की करतूत से छिनी होली की खुशियां...
राजीव की मां चमेली देवी ने बताया कि उसकी पत्नी भागवती पर कोई शक न करे इसलिए वह सभी के साथ बैठकर रोती रही और उसने पूरे परिवार की होली की खुशियों को छीन लिया। इससे अच्छा होता कि वह उसे छोड़कर अपने प्रेमी के साथ चली गई होती।
फूट-फूट कर मां ने अपना दर्द बताया और कहा कि अगर राजीव की पत्नी से किसी भी बात की शिकायत की जाती तो वह सबसे लड़ने को तैयार हो जाती थी। सभी के मकान अलग होने की वजह से वह अपनी मनमानी करती रहती थी। अगर उसका बड़ा पोता विनय घर पर होता तो शायद यह घटना घटित न होती।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तमंचे से युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
