Lok Sabha Chunav 2024: कर्मचारियों की कुंडली बताएगा ई-इलेक्शन एप...मात्र एक क्लिक, तैनात कर्मी की लोकेशन और मोबाइल नंबर मिलेगी
लोकसभा चुनाव में कर्मचारियों की कुंडली बताएगा ई-इलेक्शन एप
कानपुर, अमृत विचार। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया को हाईटेक करने का फैसला लिया है। इसके लिए चुनाव से पहले कानपुर में ई-इलेक्शन एप का ट्रॉयल किया जा रहा है। इसमें चुनाव में लगे सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी मैनुअल नहीं बल्कि इस एप से लगेगी।
कमिश्नरेट का नक्शा और एक क्लिक में कौन कर्मचारी कहां लगा है ? उसका मोबाइल नंबर क्या है ? किस विभाग का है ? कहां का रहने वाला है ? ऐसी तमाम जानकारियां एप के माध्यम से चुनाव के दौरान काम करने वाले कर्मियों के मोबाइल पर होंगी।
इसके साथ ही अगर कहीं कोई विवाद होगा तो उसे एक साथ कई अधिकारियों तक पहुंचाने में भी ये एप कारगर होगा। ऐसे में जो भी अधिकारी लोकेशन के नजदीक होगा, वह मौके पर पहुंचकर मामले को संभाल लेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक अगर कोई अप्रिय सूचना होती थी तो बेहतर संचार प्रणाली न होने से सूचना देर से मिल पाती थी।
कमिश्नरेट में 52 थाने हैं। हर थाने में अलग-अलग बीट के लगभग 14-14 कांस्टेबल तैनात हैं। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के आदेश के बाद से हर बीट कांस्टेबल को 200 लोगों से संपर्क करना है।
हर इंस्पेक्टर को 100 लोगों से संपर्क करना है और हर एसीपी को अपने सर्किल के हर थाने के 5-5 संभ्रांत लोगों से संपर्क करना है। इन सभी लोगों से नंबर आदान प्रदान करना है और सर्किल के हिसाब से ग्रुप बनाकर सी-प्लान लागू करना है। इसकी जानकारी डीजीपी ऑफिस, डायल-112 के साथ जिले में बीट सिपाही के पास मौजूद रहेगी।
सी प्लान एप से अराजकतत्वों पर शिकंजा
लोकसभा चुनाव में अराजकतत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने हाईटेक योजना तैयार की है। चुनाव में बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रहेगी। पुलिस चुनाव में अफवाह फैलाने वाले लोगों से सख्ती से निपटने की लिए सी प्लान एप से हर मोहल्ले के संभ्रांत नागरिकों को जोड़ रही है।
जिससे अफवाहों और चुनाव में खलल डालने वालों को चिह्नित कर उन पर शिकंजा कसा जा सके। पुलिस का मानना है चुनाव के दौरान अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश रोकने में सी प्लान काफी हद तक कारगर साबित हो सकता है। इस एप के माध्यम से पुलिस ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपना संदेश पहुंचा सकती है।
पुलिस के सी प्लान एप में हर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के अलावा जनप्रतिनिधि, सोशल वर्कर, डॉक्टर्स, ग्राम प्रधान समेत अन्य जिम्मेदार लोगों को जोड़ा जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में लोगों के बीच पुलिस अपना संदेश आसानी से भेज सकेगी।
ई इलेक्शन एप से चुनाव कराने की योजना बनाई गई है। कानपुर में इसका ट्रायल किया जा रहा है। संचार एप भी काम कर रहा है।- आशीष श्रीवास्तव, डीसीपी मुख्यालय एवं अपराध
ये भी पढ़े- Ganga Mela 2024: Kanpur का प्रसिद्ध गंगा मेला...आज निकलेगा रंग का ठेला, होरियारों की फौज तैयार
