लोकसभा चुनाव: 1831699 मतदाता चुनेंगे पीलीभीत का सांसद, अंतिम सूची जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार। निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी करने के साथ ही पीलीभीत लोकसभा सीट पर चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी थी। प्रत्याशियों का नामांकन हो चुका है। प्रथम चरण में 19 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 1831699 मतदाता पीलीभीत का सांसद चुनेंगे।

पीलीभीत लोकसभा सीट पर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए संसदीय क्षेत्र को चार जोन में बांटा गया है। चुनाव संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बहेड़ी समेत पांच विधानसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों में 1242 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में 1924 बूथ बनाए हैं। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा इन सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। 

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोकसभा क्षेत्र में 18 लाख 31 हजार 699 मतदाता हैं। इनमें 978577 पुरुष, 853082 महिला जबकि 40 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में सकुशल चुनाव संपन्न कराने लिए पांच सहायक रिटर्निंग अफसर की तैनाती की गई है। 17 जोनल एवं 136 सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी दी गई है।

 पीलीभीत, बरखेड़ा, बीसलपुर एवं बहेड़ी में तीन-तीन और पूरनपुर में पांच जोन मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीलीभीत में 28, बरखेड़ा में 24, पूरनपुर में 30, बीसलपुर में 23 एवं बहेड़ी में 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए हैं।1521 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग होगी।  जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने शनिवार शाम प्रेसवार्ता कर इसके बारे में जानकारी दी। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पूनिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर आदि मौजूद रहे।

2262 सर्विस इलेक्टर मतदाता
पीलीभीत लोकसभा सीट पर 2262 सर्विस इलेक्टर मतदाता हैं।  जिसमें 2157 पुरुष और 105 महिला मतदाता हैं।  बहेड़ी विधानसभा में 503, पीलीभीत में 478, बरखेड़ा में 263, पूरनपुर में 529 और बीसलपुर में 529 सर्विस इलेक्टर  मतदाता हैं। इन्हें प्रशिक्षण के दौरान ही मतदान पोस्टल बैलेट से कराया जाएगा।

414 दिव्यांग और 191 बुजुर्ग मतदाता डालेंगे मतपत्र से वोट
अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही 85 प्लस वाले बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता जोकि डाक पत्र से मतदान करेंगे। उनका भी चिन्हीकरण कर लिया गया है। 414 दिव्यांग और 80 प्लस वाले 191 बुजुर्ग यानी 605 मतदाता डाक मतपत्र से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पीलीभीत में 162, बरखेड़ा में 167, पूरनपुर में 67 और बीसलपुर में 609 मतदाता है।

मतदान के पांच दिन पहले पहुंच जाएगी पर्ची
जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी की जिम्मेदारी तय हो चुकी है। मतदाताओं को मतदान की तिथि से पांच दिन पहले ही मतदाता पर्ची भी घर-घर पहुंचा दी जाएगी। इसके लिए टीमें निर्धारित की जा चुकी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही कोई बरतता है तो सख्त एक्शन लिया जाएगा।  

विधानसभा क्षेत्र/पुरुष मतदाता/ महिला मतदाता/ अन्य
- 127 पीलीभीत/202230/178954/19
- 128 बरखेड़ा/176320/154060/04
- 129 पूरनपुर/205983/179508/12
- 130 बीसलपुर/195727/168243/02
- 118 बहेड़ी/198317/172317/03

विधानसभावार मतदान केंद्रों की स्थिति
विधानसभा/मतदान केंद्र/बूथ/क्रिटिकल/वल्नरेबल
- 127 पीलीभीत/211/380/61/21
- 128 बरखेड़ा/238/355/148/07
- 129 पूरनपुर/222/387/166/15
- 130 बीसलपुर/287/399/40/08
- 118 बहेड़ी/284/403/101/00

24 घंटे चालू रहेगा कंट्रोल रुम, इस नंबर पर करें शिकायत
आचार संहिता उल्लंघन समेत अन्य शिकायतों को लेक सी-विजिल एप तो निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किया जा चुका है। जिसमें शिकायत के बाद 100 मिनट में निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जोकि 24 घंटे चालू रहेगा।  ऐसे में अगर 1950,  05882-299448 और 05882-299007 नंबर पर भी शिकायत कर सकते हैं।

निष्पक्ष मतदान कराया जाएगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के आधार पर समस्त तैयारियां कर ली गई है। अंतिम मतदाता सूची भी जारी की जा चुकी है। आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। - संजय कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: यात्रियों के लिए खुशखबरी, एक अप्रैल से चलेगी कासगंज-टनकपुर मेला स्पेशल ट्रेन

 

 

संबंधित समाचार