अमेठी: फंदे पर लटकता मिला नवविवाहित का शव, मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी। थाना मोहनगंज क्षेत्र के गांव पूरे हवलदार मजरे कोंची में एक विवाहिता को ससुरालीजनों द्वारा दहेज की बलिवेदी पर चढ़ा दिया गया है, और मायके पक्ष के लोगों ने गला दबाकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत चार अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के गांव पूरे हवलदार निवासी इमरान पुत्र दोस्त मोहम्मद की शादी पांच वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति रिवाज से पूरे घीसाराय मजरे बेसरवा निवासी इरफान की बहन अफरीन बानो के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराली जनों द्वारा दहेज की खातिर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा और अपने मायके से पैसा मांगकर लाने के लिये दबाव बनाने का आरोप है।

मृतका के भाई ने बताया कि ससुराली जनों द्वारा अफरीन के खाते से 50 हजार रुपया ट्रांसफर करवा लिया गया और पैसे के लिये दबाव बनाया जा रहा था। जिसे अफरीन बानो ने शनिवार को साफ तौर पर मना कर दिया गया। आरोप है कि शनिवार को उसकी बहन का गला दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और सुसराली जनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना मोहनगंज पुलिस ने मृतका के भाई मोहम्मद इरफान की तहरीर पर पति, सास, जेठ के साथ ही छोटी ननद के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही तस्वीर साफ होगी, फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बंदरों का आतंक, तीन दिनों में दस से अधिक लोगों को काटा, सब्जी किसानों को भी भारी नुकसान

संबंधित समाचार