रुद्रपुर: नैनीताल-ऊधमसिंह नगर में 10629 सैनिक करेंगे बैलेट पेपर से मतदान
बीरेन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर, अमृत विचार। देश की सरहदों पर दिन-रात सेवाएं दे रहे सैनिक भी बैलेट पेपर से मतदान करेंगे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने मनपसंद प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाल सकेंगे। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से 10629 सैनिकों को ऑनलाइन बैलेट पेपर सेनाओं के रिकॉर्ड ऑफिस भेज दिए गये हैं। इसमें ऊधमसिंह नगर के 5913 और नैनीताल जनपद के 4716 सैनिक शामिल हैं।
दरअसल, उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीर सैनिकों की भूमि के नाम से भी जाना जाता है। यहां के लोग कुमाऊं रेजीमेंट,गढ़वाल रेजिमेंट के साथ ही सेना की विभिन्न यूनिटों में तैनात हैं। सरहदों में ड्यूटी के चलते ये कई बार जवान अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाते हैं। इसी के चलते चुनाव आयोग ने देश की सरहदों पर ड्यूटी में तैनात लोगों के लिए डाक के बजाय ऑनलाइन बैलेट पेपर भेजे जाने की व्यवस्था की है। ताकि समय की बचत हो सके और समय पर सैनिक भी अपने मतदान का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार डाक के माध्यम से बैलेट पेपर भेजने से देरी से मिलते थे। कई बार तो चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा हो जाने के बाद ये बैलेट पेपर वापस आते थे। अब चुनाव आयोग बैलेट पेपर को डाक से भेजने के बजाय सीधे ई-मेल से विभिन्न सेनाओं के रिकॉर्ड ऑफिस को भेजे जा रहे हैं। रिकॉर्ड ऑफिस से बैलेट पेपर की विभिन्न सेनाओं के यूनिटों को भेजी जाएगी। यूनिट में इन बैलेट पेपरों के प्रिंट निकालकर जवानों को अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए दिए जाएंगे।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय सीट में 10629 सैनिक हैं। इन सैनिकों को ऑनलाइन बैलेट पेपर भेज दिए गये हैं। ये बैलेट पेपर सेनाओं के रिकॉर्ड ऑफिस में भेजे गये हैं। यहां से बैलेट पेपर विभिन्न सेनाओं के यूनिटों को भेजे जाएंगे और फिर प्रिंट निकालकर जवानों को दिए जाएंगे। समय पर बैलेट पेपर मिलने पर जवान अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
-विजय तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, ऊधमसिंह नगर
