बरेली: थाना आंवला में भाजपाइयों ने किया हंगामा...लगाया बदसलूकी का आरोप, खेद जताने पर लौटे
बेटे के अवैध हथियार का फोटो शेयर करने पर घर पहुंचे थे पुलिसकर्मी
आंवला, अमृत विचार। भाजपा के लोगों ने रविवार शाम थाने में हंगामा किया। आंवला जिलाध्यक्ष के साथ थाने पहुंचे भाजपाइयों ने दो पुलिसकर्मियों पर भाजपा कार्यकर्ता से बदसलूकी का आरोप लगाया। पुलिस ने आगे से ध्यान रखने का भरोसा दिलाया तो बात खत्म हुई।
इलाके के एक गांव के भाजपा कार्यकर्ता के बेटे ने कुछ दिन पहले अवैध हथियार का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसकी शिकायत पर थाने के दो पुलिसकर्मी भाजपा कार्यकर्ता के घर पहुंचे था। आरोप है कि उसके साथ पुलिस वालों ने बदसलूकी भी की। रविवार को यह मामला तूल पकड़ गया।
भाजपा के आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह रविवार शाम करीब सवा सात बजे कई कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी करने पर विरोध जताया। कहा, कोई गलत काम करता है तो पुलिस को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाने में करीब आधे घंटे हंगामा चलने के बाद अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ता के घर गए पुलिसकर्मियों को बुलाकर पूछताछ की। दोनों पुलिसकर्मियों ने आरोपों को निराधार बताया, यह भी कहा कि आगे ध्यान रखेंगे। इसके बाद भाजपाई लौट गए। जिलाध्यक्ष के साथ पहुंचे भाजपा नेताओं में पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वेदप्रकाश यादव, अवनीश तिवारी एडवोकेट, आशु सिंह, राहुल दीक्षित, रामवीर प्रजापति, बॉबी अग्रवाल, राजू उपाध्यय, ऊषा सतीजा, मनोज मौर्य समेत तमाम कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
गलतफहमी की वजह से पुलिसकर्मी भाजपा कार्यकर्ता के घर गए थे। भाजपा के पदाधिकारियों को समझाकर शांत कर दिया है। आचार संहिता में इतनी भीड़ के साथ थाने में आकर हंगामा करने की जांच कर कार्रवाई की जाएगी- वीरेश कुमार, इंस्पेक्टर आंवला।
ये भी पढ़ें- बरेली: कंपनी में निवेश कराने के बहाने लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
