मुरादाबाद : बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराने वाला हो सांसद

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

जनता की आवाज को संसद में पुरजोर तरीके से उठाने वाला होना चाहिए जनप्रतिनिधि

पाकबड़ा, अमृत विचार। लोकतंत्र के महापर्व शुरू हो चुका है। लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।12 उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। इन्हीं में से मतदाता अपना नया सांसद चुनेंगे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हमारा सांसद ऐसा होना चाहिए जो बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करा सके।

मतदाताओं का कहना है कि हमारा सांसद ऐसा हो जो परेशानी में जनता के बीच खड़ा रहे। लोगों के सुख-दुख में शामिल हो। जो भी जनता की समस्याएं हों वह उनका समय से निस्तारण कराने में सक्षम हो। ऐसा ना हो की सांसद बनने के बाद वह जनता के हाथ ही ना आए। जनता की उम्मीदों पर हमेशा खरा उतर सके। जो भी सड़के खराब पड़ी है उनको जल्द से जल्द ठीक कराए। जो भी विकास कार्य हों वह धरातल पर दिखाई देने चाहिए। क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठा सके और उनका निराकरण करा सके। बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का विकास करे। ना कि जाति और धर्म के आधार पर। नगर की सड़के भी क्षतिग्रस्त हैं।

सांसद ऐसा होना चाहिए जो जाति और धर्म के आधार पर नहीं बल्कि जरूरत के हिसाब से सड़कों का निर्माण कराए। आज के समय में स्वास्थ्य और शिक्षा आम जन की सबसे बड़ी समस्या है। शिक्षा के नाम पर जो निजी स्कूलों की मनमानी चल रही है। स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने वाला जनप्रतिनिधि चाहिए। फीस को लेकर स्कूल अपनी मनमानी कर रहे हैं। जिस कारण बहुत से बच्चे अच्छे स्कूलों में नहीं पढ़ पा रहे हैं। इस पर विचार करने वाला हमारा सांसद हो।

हमारा सांसद ईमानदार होना चाहिए। क्योंकि जब वह इमानदार होगा तो भ्रष्टाचार की ओर ध्यान नहीं देगा। नहीं तो विकास के नाम पर भ्रष्टाचार ही बढ़ेगा। सांसद ऐसा हो लोगों की समस्याओं का समय से निदान करें। अपने वादों पर खरा उतरे। जनता के विकास की ओर ध्यान दें ना कि अपने विकास की ओर।-असलम, पाकबड़ा।

जनप्रतिनिधि ऐसा हो जो किसी भी धर्म से आता हो। लेकिन, धर्म और जातियों के नाम पर आपस में लोगों को न बांटे। सभी के साथ मिलकर रहे। जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास कार्य कराने वाला जनप्रतिनिधि होना चाहिए। सभी धर्म और जाति के लोगों की समस्याओं को सुनने वाला सांसद होना चाहिए।-जीशान, शनिवार का बाजार पाकबड़ा।

हमारा सांसद ऐसा हो जो आज के समय में स्कूलों की मनमानी चल रही है। उस पर अंकुश लगा सके। सरकारी स्कूलों का शिक्षा का स्तर खराब है। जिसकी वजह से प्राइवेट स्कूलों की मनमानी चल रही है। अगर हमारे सरकारी स्कूलों की दशा सुधर जाए तो प्राइवेट स्कूलों की मनमानी नहीं चल पाएगी।-अंकित गुप्ता, कैलसा रोड, पाकबड़ा।

सांसद ऐसा हो जो भी सरकारी योजनाएं हों वह आम जनता तक पहुंचें। ऐसा ना हो कि उन योजनाओं का लाभ सिर्फ संसद के करीबी ही उठाएं। क्योंकि सांसद बनने के बाद वह सभी का सांसद होता है। चाहे कोई वोट दे या ना दे। सभी को बराबर सम्मान मिलना चाहिए। सभी को योजनाओं का लाभ बराबर मिलना चाहिए।- राजकुमार सिंह, पाकबड़ा

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : चुनाव का पर्व, देश का गर्व संदेश से कर रहे मतदान को जागरूक

 

संबंधित समाचार