Kanpur News: बाबा बिरयानी व स्वीट्स पर चार लाख जुर्माना...नमूने फेल होने पर एडीएम सिटी कोर्ट में हुई सुनवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बाबा बिरयानी व स्वीट्स पर चार लाख जुर्माना

कानपुर, अमृत विचार। हिंसा के आरोपी व फाइनेंसर मुख्तार बाबा के बेकनगंज स्थित बाबा स्वीट्स पर खोया की बर्फी, गरम मसाला, चिकन बिरयानी और घी का नमूना जांच में मिलावटी मिला है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने 2022 में बाबा स्वीट्स पर छापा मारकर नमूने भरे थे। 

जांच रिपोर्ट में खाद्य सामग्री खाने लायक नहीं मिलने पर एडीएम सिटी कोर्ट में वाद दाखिल किया गया था। कोर्ट ने अधोमानक मिले नमूनों में प्रत्येक पर एक-एक लाख रुपये यानि कुल मिलाकर चार लाख का जुर्माना लगाया है। कोर्ट में कुल 27 मामले निस्तारित किए गए। मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं पर कुल 12 लाख 70 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है। 

बेकनगंज स्थित बाबा स्वीट्स दुकान 10 माह से सील है। शत्रु संपत्ति पर कब्जा करके बनाई गई यह दुकान प्रशासन ने सील की थी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक खाद्य आयुक्त-दो विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बाबा स्वीट्स पर कुल चार लाख रुपये जुर्माना है। 

न जमा करने पर भू-राजस्व की भांति वसूली होगी। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाबा बिरयानी और बाबा स्वीट्स से कई नमूने भरे थे। जिसमें कई पर अभी फैसला आना है। 

इन पर भी बड़ा जुर्माना लगाया 

सीताराम मोहाल हरवंश मोहाल निवासी सुशील कुमार गुप्ता के आदित्य इंटरप्राइजेज में केशव गोल्ड पान मसाला का नमूना फेल होने पर 75,000 का अर्थदंड लगाया गया है। रावतपुर बकरमंडी निवासी ऋषभ चतुर्वेदी के प्रतिष्ठान शारदा नगर स्थित वरुण इंटरप्राइजेज में सरसों के तेल का नमूना अधोमानक होने 75,000 का अर्थदंड लगाया गया है। 

बिरहाना रोड निवासी भोला जायसवाल के प्रतिष्ठान मेसर्स जायसवाल नमकीन भंडार कैनाल रोड पर नमकीन का नमूना अधोमानक पाए जाने पर 85,000 का अर्थदंड लगाया गया है। शास्त्रीनगर गल्ला मंडी निवासी आशीष गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स गुप्ता दोसर वैश्य किराना गल्लामंडी पर पापड़ का नमूना फेल होने पर 75000 का अर्थदंड लगाया गया है। एल ब्लाक नवीननगर काकादेव के राजा अली की राजा डेयरी में दूर का नमूना फेल होने पर 40000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: अभिनेत्री से एल्बम में काम कराने के नाम पर दुष्कर्म...कई शहरों में घूम-घूमकर आरोपी लूटता रहा अस्मत

संबंधित समाचार