बरेली: बिल्डर के गुर्गों का रामेश्वर कॉलोनी में उपद्रव, घर का दरवाजा तोड़ा...जेवर समेत तीन लाख की नकदी ले गए
बरेली, अमृत विचार: इज्जतनगर की रामेश्वरम कॉलोनी में बुधवार को एक बिल्डर और उसके गुर्गों ने जमकर उपद्रव किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के घर का दरवाजा तोड़ दिया। आरोपी घर से तीन लाख रुपये, चेन और कुंडल छीन ले गए। महिला की बच्ची को भी खींचकर ले जाने की कोशिश की। बचाने आए महिला के पड़ोसी और उसके भाई को पीटा। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
रामेश्वर कॉलोनी निवाासी कुमकुम गंगवार ने बताया कि उनके पड़ोस में एक बिल्डर मकान बनवा रहा है। वे लोग बुधवार को उसके घर के सामने शोर शराबा कर रहे थे। टोकने पर बिल्डर और उसके 10-12 गुर्गों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और अंदर आ गए। आरोप है कि गले से चेन, कुंडल खींच अलमारी तोड़कर तीन लाख रुपये निकाल लिए।
आरोपी उनकी आठ माह की बच्ची को भी छीनकर ले जाने लगे। वह बहुत गिड़गिड़ाई तब आरोपियों ने छोड़ा। बचाने आए पड़ोसी मुनेंद्र गंगवार और उनके भाई को सड़क पर गिराकर पीटा। पीड़ित ने यूपी 112 को कॉल की, लेकिन पुलिस काफी देर बाद पहुंची। तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला ने बताया कि उसके, मुनेंद्र गंगवार और मुनेंद्र के भाई के शरीर में चोटें आई हैं। पीड़िता ने थाना इज्जतनगर में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: सेटेलाइट चौराहे पर बस ने युवक को मारी टक्कर, मौत
