मुरादाबाद : भाजपा के चाणक्य अमित शाह बोले- सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, पार्टी की नीतियों और योजनाओं को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केंद्रीय मंत्री ने प्रत्याशियों को दिया जीत का मंत्र, बूथ प्रबंधन को पुख्ता कर व कमियों को दूर कर हर हाल में जीत की रणनीति बनाकर जुटने का किया आह्वान

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्य वक्ता एवं भाजपा के चाणक्य केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली रोड स्थित होटल में चार कलस्टरों की 17 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए कोर कमेटी के साथ मंथन किया। जिन चारों कलस्टरों के कोर कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों व लोकसभा प्रत्याशियों को बैठक में शामिल होना था सब एक अनुशासित सिपाही की तरह बैठक से पहले ही पहुंच गए थे। तीन बजे से शुरू होने वाली बैठक में करीब 44 मिनट देर से गृहमंत्री का काफिला जब पहुंचा तो वाहनों की आवाजाही रोककर सुरक्षाकर्मी पूरी तरह मुस्तैद हो गए। बंद कमरे में हुई बैठक में भाजपा के राजनीतिक चाणक्य ने बूथ प्रबंधन को पुख्ता  कर कमियों को दूर करते हुए हर हाल में जीत का मंत्र दिया तो सभी ने पूरी गंभीरता से उसे सुना व आत्मसात कर चुनाव में जीत की प्रतिबद्धता दोहराई।

दिल्ली रोड स्थित होटल में अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक तीन बजे होनी थी लेकिन वह 3:44 बजे पहुंचे। होटल के आधा किलोमीटर दूर से वाहनों की आवाजाही बैरिकेडिंग कर रोक दी गई थी। होटल के बाहर पग-पग पर सुरक्षाकर्मी हथियार लेकर मुस्तैद रहे। बैठक में लोकसभा चुनाव की कोर कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों को उन्होंने बूथ प्रबंधन में कोई कसर न छोड़ने की नसीहत दी। कहा कि बूथ जीता, चुनाव जीता यह भाजपा का मूलमंत्र है। 

इसमें पन्ना प्रमुखों व लोकसभा संयोजकों को अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होगी। कोर कमेटी का दायित्व है कि बूथों पर अब तक की गई तैयारियों की फिर समीक्षा कर जो भी कमियां रह गई हों उसे दो चार दिन में दूर कर लें। मतदान के दिन मतदाताओं को घरों से निकालकर बूथ तक ले जाना और भाजपा की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के फायदे गिनाने के साथ ही भय, भूख, भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन की उपलब्धियां गिनानी हैं।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, मंत्री जसवंत सैनी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, लक्ष्मीकांत धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के अलावा मुरादाबाद लोकसभा कोर कमेटी में लोकसभा प्रभारी अशोक पाल, लोकसभा संयोजक डॉ. विशेष गुप्ता, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला प्रभारी राजेश यादव, वाईपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी, रामपुर के सांसद व लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी, मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल, मेरठ कैंट के विधायक अमित अग्रवाल, मेरठ नगर निगम के महापौर हरिकांत अहलूवालिया, अशोक कटारिया, रामपुर के विधायक आकाश सक्सेना, पूर्व मंत्री सुरेश राणा आदि मौजूद रहे।

17 सीटों पर जीत के लिए दिया मूलमंत्र
17 सीटों पर जीत के लिए केंद्रीय गृहमंत्री ने मूलमंत्र दिया। बूथ प्रबंधन, पन्ना प्रमुख, बूथ कमेटी व लोकसभा कमेटी को पूरी ईमानदारी व जीत के जज्बे के साथ जुटने के लिए कहा। जनता ने इस बार भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प लिया है। हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ अबकी बार 400 के नारे को साकार करेंगे।-कपिलदेव अग्रवाल, मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार

बूथ जीता, चुनाव जीता से होगा अबकी बार 400 पार
बूथ प्रबंधन पर जोर देकर चुनाव जीतने का मंत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया। भाजपा की नीति रीति जनता का सर्वांगीण विकास, सबका साथ, सबका कल्याण की नीति है। प्रदेश सरकार ने इस बार रिकार्ड और समय से गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। चीनी मिल प्रबंधन को हर हाल में समय से भुगतान करने का आदेश दिया गया था। जिस पर वह खरे उतरे।-लक्ष्मी नारायण चौधरी, गन्ना व चीनी मिल मंत्री

कलस्टर वार लोकसभा क्षेत्र

  • कलस्टर-   लोकसभा सीटें
  • मेरठ-           मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर
  • सहारनपुर-    सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना
  • मुरादाबाद-     मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, सम्भल
  • ब्रज क्षेत्र-     पीलीभीत, अलीगढ़ और मथुरा

वाहनों को रोका, चप्पे चप्पे पर पुलिस
जिस होटल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को 17 लोकसभा सीटों की समीक्षा बैठक करनी थी, उसकी ओर से आने वाले हर रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई थी। हाईवे से उतर पुल से नीचे आने वाले सभी रास्ते पर चेक पोस्ट पर बैरियर लगा था। पुलिस अधिकारी और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान की नजरें चारों ओर टिकी थीं। सुरक्षा कारणों से मीडिया को भी बैठक स्थल के करीब आने से रोक दिया गया।

स्टॉल पर एंट्री के बाद मिला प्रवेश
होटल की गैलरी में स्टॉल लगाकर क्षेत्रवार कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों व कई सीटों के प्रत्याशियों को अंदर जाने से पहले सूची से मिलान किया गया। इसके बाद गेट पर उनका स्वागत करने के बाद कलस्टर वार काउंटर पर पार्टी का पटका, परिचय पत्र, कैप आदि देकर भेजा गया।

साथ आने वालों को रोका
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए कार्यकर्ताओं ने कोर कमेटी के सदस्यों, पदाधिकारियों के अलावा उनके साथ आए लोगों को भी अंदर नहीं जाने दिया। बैठक वाले हाल में पार्टी के शीर्ष प्रबंधन के अलावा कोर कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य ही मौजूद रहे।

बंद करा दी आसपास की दुकानें व पेट्रोल पंप
केंद्रीय गृहमंत्री के सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते होटल के सामने का पेट्रोल पंप व आसपास के दुकानों को भी पुलिस प्रशासन ने बंद करा दिया था। अमित शाह का काफिला जैसे ही आने को हुआ उस मुख्य रास्ते से सभी वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। फिर उनके जाने के बाद ही वाहनों को निकलने दिया गया।

ये भी पढ़ें : VIDEO : रुचि वीरा का खुलकर विरोध : 'डॉ. एसटी हसन सैय्यद हैं...हम उनके गुलाम...कटा देंगे गर्दन, बर्दाश्त नहीं करेंगे अपमान'

 

संबंधित समाचार