IPL 2024 : दिल्ली कैपिटल्स को एक और झटका, ऋषभ पंत पर धीमी ओवर गति के लिए लगा 24 लाख रुपये जुर्माना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विशाखापत्तनम।  दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में दूसरी बार धीमी ओवरगति रहने के कारण 24 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया है । पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की ओवरगति बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में धीमी रही थी। बाकी खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। 

आईपीएल ने एक बयान में कहा, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच में धीमी ओवरगति के लिये जुर्माना लगाया गया है। इसमें कहा गया, यह इस सत्र में आईपीएल की आचार संहिता के तहत टीम का दूसरा अपराध था लिहाजा पंत पर 24 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया । इंपैक्ट खिलाड़ी समेत बाकी खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत या छह लाख रूपये में से जो कम हो, जुर्माना लगाया गया है।

अस्वीकार्य, निराशाजनक, केकेआर से हार के बाद बोले पोंटिंग
विशाखापत्तनम। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कोलकाता नाइट राडर्स से 106 रन से मिली हार को अस्वीकार्य और निराशाजनक बताते हुए अपनी टीम को फटकार लगाई है। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले केकेआर को सात विकेट पर 272 रन बनाने दिये और बाद में पूरी टीम 17 . 2 ओवर में 166 रन पर आउट हो गई । पोंटिंग ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, अभी इसकी समीक्षा करना मुश्किल है। पहले हाफ में टीम के प्रदर्शन से मैं बहुत निराश हूं।

उन्होंने कहा, इतने रन देना समझ से परे है। हमने 17 वाइड गेंद डाली और अपने ओवर पूरे करने में दो घंटे लगे। नतीजा हम फिर दो ओवर पीछे रह गए जिसके मायने है कि आखिरी दो ओवर डालने वालों को सर्कल के बाद चार ही फील्डर मिले।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मैच में बहुत कुछ हुआ जो अस्वीकार्य है । हम टीम के भीतर इस पर बात करेंगे और जल्दी ही इसमें सुधार करेंगे। खुलकर अच्छी बातचीत होना जरूरी है। गेंदबाजी , फील्ड प्लेसमेंट सभी पर बात करनी होगी।

ये भी पढ़ें : Roelant Oltmans को राष्ट्रीय टीम का कोच बनाना चाहता है पाकिस्तान हॉकी महासंघ 

 

संबंधित समाचार