पीलीभीत: कड़ी सुरक्षा में बीच अल्लाह की इबादत को उठे हाथ, अदा हुई अलविदा की नमाज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। अकीदत व एहतराम के साथ नमाजियों ने चिलचिलाती धूप में भी अलविदा की नमाज अदा की। मस्जिदें नमाजियों से भरी रहीं। नमाज के बाद दुआ के लिए बारगाहे इलाही में रोजेदारों के हाथ उठे। लोगों ने रब से मुल्क में अमन चैन और तरक्की की दुआएं मांगी। सुबह से ही घरों में नमाज को लेकर उल्लास था। समय से पहले ही बड़ों संग बच्चे भी मस्जिदों में पहुंचे। पेश इमामों ने रुखसत हो रहे रमजान को लेकर तकरीर की।

जनपद में अलविदा की नमाज शुक्रवार को अकीदत के साथ अदा की गई। शाही जामा मस्जिद में सुरक्षा के सख्त इंतजाम के बीच पहुंचे रोजेदारों ने अलविदा की नमाज अदा की। नमाज के लिए आम दिनों की अपेक्षा नमाजियों की भीड़ ज्यादा थी। नमाज के दौरान देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ की गई। शुक्रवार को 11:30 बजे से शाही जामा मस्जिद में नमाज अदा करने वाले रोजेदारों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। नमाजियों ने मस्जिद में पहुंचने के बाद वजू किया। 

इस दौरान काफी संख्या में पुलिस, पीएसी के जवान तैनात रहे। आसपास के इलाकों और छतों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।  मुख्य चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहा। चौकी प्रभारी गश्त करते रहे। अजान के बाद मस्जिद नमाजियों से भर गया। भीड़ ज्यादा होने के कारण काफी संख्या में नमाजियों को दूसरी मस्जिदों की ओर रुख करना पड़ा। ठीक दो बजे जुमे की नमाज शाही जामा मस्जिद के इमाम मौलाना इजहार अहमद खां बरकाती ने कराई। जहां अल्लाह की इबादत में हजारों अकीकतमंदों के हाथ उठे। 

उन्होंने तकरीर में उलेमाओं ने जहां रमजान की फजीलत बयान की। कहा कि खुशनसीब हैं हम सब कि परवर दिगार ने इस मुकद्दस माह अता फरमाया। जामा मस्जिद के अलावा शाहजी मोहम्मद शेर मियां मस्जिद, अल्लाहू मियां मस्जिद, मोटा पाकड़, कुरैशियान, डालचंद, बेनी चौधरी आदि समस्त मस्जिदों में नमाज को सकुशल संपन्न कराकर पुलिस ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें- सियासी माहौल के बीच पीलीभीत में दिखने लगी बाघों और तेंदुआ की दखलंदाजी, दहशत में लोग

संबंधित समाचार