सीतापुर: फौजी की दुकान से पान मसाला की बोरियां चोरी,सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोली/सीतापुर,अमृत विचार। थाना इलाके में बाइक सवार शातिर चोरों ने किराने की दुकानों से पान मसाले के बोरी को निशाना बनाया है। शुक्रवार को दिन-दहाड़े एक रिटायर्ड फौजी की दुकान से चोरों ने कर्मियों को चकमा देकर पान-मसाले की बोरियां लेकर रफूचक्कर हो गये। नेशनल हाईवे किनारे दुकानों से चोरों की बोरियां लेकर भागते हुए तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। 
                                   
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे उरदौली गांव निवासी श्याम जी पुत्र हरिशरन लाल वर्मा एयरफोर्स में जवान थे। बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने नौकरी से इस्तीफ़ा देकर गांव आकर खेती-बाड़ी के काम में लग गए थे। बीते वर्ष उन्होंने नेशनल हाईवे किनारे किराना और जनरल स्टोर खोला था। फौजी श्याम जी ने बताया कि गुरुवार को वह अपनी दुकान पर ही थे। दुकान परिसर में काउंटर के पास किशोर पान मसाला भरी बोरी रखी थी। बाजार में भीड़-भाड़ के दौरान वह दुकानदारी में व्यस्त हो गए, तभी अज्ञात शातिर चोर दुकान पर आए और पान मसाले की बोरी उठा ले गये। इस बोरी की कीमत करीब 24 हजार रुपए है। सीसीटीवी फुटेज तलाशने के दौरान कोई खास सफलता नहीं मिली। लेकिन पंचायत भवन में लगे कैमरे में एक बाइक पर सवार दो लोग पान मसाले की बोरी ले जाते हुए दिखाई दिये। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट लगा रखी है जबकि पीछे नीली रंग की शर्ट पहने कोई किशोर बोरी पकड़े बैठा है। 

श्याम जी ने सीसीटीवी फुटेज से तस्वीर निकाल कर केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया है। प्रभारी निरीक्षक महोली उमाकांत शुक्ला का कहना है कि व्यापारी की  लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें -लखीमपुर खीरी: घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक सवार युवक ने महिला से किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार