अमरोहा : डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में देश का मान बढ़ाया
भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री बोले- आज अपराधी सलाखों के पीछे हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक।
अमरोहा, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को कहा कि अपराधी सलाखों के पीछे हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए। कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार चरम पर था और सपा राज में गुंडागर्दी होती थी। आज प्रधानमंत्री मोदी नरेंद्र के नेतृत्व वाली सरकार ने दुनिया में देश का मान बढ़ाया है।
भाजपा के प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में अमरोहा-जोया रोड स्थित एक बैक्वेट हॉल में शनिवार को त्रिदेव बूथ अध्यक्ष सम्मेलन हुआ। इसमें उप मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों में जोश भरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की ताकत बढ़ी है। आज पूरी दुनिया भारत को सम्मान और आशा भरी नजरों से देख रही है। बूथ अध्यक्षों से कहा कि सभी मेहनत से चुनाव में जुट जाएं, इस बार 400 पार में अमरोहा से भाजपा का सांसद दिल्ली जाना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा।
कहा कि सपा राज में लोगों के मकान कब्जाए जाते थे, लेकिन जब से देश और प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तभी से गुंडा राज खत्म हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का कहीं अता पता नहीं है। उनकी हवा खराब है। भ्रष्टाचार करने वाले आज जेल में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर गरीब बहन-बेटियों की शादियां करा रहे हैं। जिले में ऑक्सीजन प्लांट भी उन्होंने लगवाया है। भाजपा शासन काल में लोगों को हर एक योजना का लाभ मिल रहा है। सबका साथ सबका विकास करने वाली भाजपा इस बार 400 पार करेगी। इस दौरान विधायक महेंद्र खड़गवंशी, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, रालोद के जिलाध्यक्ष मनवीर सिंह चिकारा, भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, गिरीश त्यागी, मोमराज सिंह, बृजेश चौधरी, गुरेंद्र सिंह ढिल्लो, राजीव चौहान, शुभम चौधरी आदि रहे।
फोन आने पर कुछ देर के लिए रोके
मंच से संबोधन कर उप मुख्यमंत्री बूथ अध्यक्षों में जोश भर रहे थे। संबोधन की शुरूआत ही हुई थी कि तभी उपमुख्यमंत्री के फोन पर किसी शख्स की कॉल आई। तभी उप मुख्यमंत्री ने संबोधन बीच में ही रोक दिया और कुछ देर के लिए कॉल रिसीव कर बात की। कुछ देर बाद फिर वह मंच पर आए और अपना भाषण शुरू किया। इसके बाद उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशान साधा।
मोदी सरकार ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को मिटाया : उपमुख्यमंत्री
गजरौला। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शहर के धनौरा रोड स्थित ग्रांड प्लाजा में त्रिदेव बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में जमकर घोटोले हुए तो सपा के शासनकाल में गुंडों को संरक्षण मिला। भाजपा सरकार ने लोगों को मान, सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा देने के साथ गरीब वर्ग को विकास करने का काम किया। उन्होंने कहा कि अमरोहा से भाजपा के प्रत्याशी चौधरी कंवर सिंह तंवर की बड़ी जीत होने वाली है। विपक्षियों की जमानत जब्त होगी। कहा कि वर्ष 2014 से वर्ष 2024 की 10 वर्ष की यात्रा में केंद्र की भाजपा सरकार ने देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया और आज हम दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था है। अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण, अनुच्छेद 370 को हटाना भाजपा के काम का प्रमाण है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को मिटाने और उसके घर में घुसकर आतंकवादियों के अड्डे समाप्त करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में हुआ है।
ये भी पढ़ें: अमरोहा : नमाज के बाद कांग्रेस प्रत्याशी दानिश अली की गाड़ी का किया घेराव, वीडियो वायरल
