हरदोई: पुलिस की मुस्तैदी से पिहानी कस्बे का माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा, सुलह समझौते के बाद मामला शांत
पिहानी, हरदोई, अमृत विचार। शुक्रवार की शाम पुलिस की मुस्तैदी के चलते कस्बे का माहौल बिगड़ते - बिगड़ते बचा। कस्बे के मोहल्ला कोट कला में एक धार्मिक कार्यक्रम में एक विशेष समुदाय के तीन युवक टोका टाकी व टिप्पणी करने पहुंच गए। तीनों युवकों ने धार्मिक कार्यक्रम में जमकर बवाल काटा, जिस पर आयोजक व मोहल्ले वालों ने आपत्ति जताई।
सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई और स्थिति नियंत्रण में की। तीनों युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
उधर कस्बे के दोनों पक्षों के अमन पसंद लोगों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। कस्बा इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी व कोतवाल धर्मदास सिद्धार्थ ने दोनों पक्षों के लोगों के सुलह समझौते के प्रस्ताव को स्वीकार करके मामला शांत कर दिया।
कस्बे की घटना पुलिस उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी हो गई। उच्चाधिकारियों ने कस्बे के लोगों से यह अपील भी की है कि वह आगामी चुनाव और त्योहारों को देखते हुए संयम से काम लें और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों एवं धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप धीमी ही रखने की सलाह दी।
यह भी पढे़ं: अयोध्या: 'दिसंबर तक तैयार हो जाएगा राम दरबार, गुणवत्ता से नहीं करेंगे कोई समझौता'!
