Kanpur: गर्मी शुरू, लेकिन हैलट प्रशासन ने नहीं की उचित व्यवस्थाएं, गर्म पानी पीने को मजबूर हो रहे मरीज व तीमारदार
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है और लोगों के पसीने छूटने लगे है। ऐसे में अस्पतालों में लगे पाइपों से गर्म पानी आ रहा है, जिस वजह से कई तीमारदार व मरीज पानी खरीदकर पीने को मजबूर है। अस्पताल प्रशासन द्वारा अभी तक पानी की टंकी साफ कराने और उनमे पानी ठंडा आ सके, इसकी व्यवस्था नहीं कर सका है।
हैलट अस्पताल में कानपुर के साथ ही कन्नौज, हमीरपुर, महोबा, औरैया, इटावा, कानपुर देहात, हरदोई, उन्नाव, फतेहपुर समेत 17 जिलों से मरीज इलाज के लिए आते है। मरीज व उनके तीमारदारों के लिए हैलट गेट नंबर दो के सामने मोड पर, ब्लड बैंक के सामने, इमरजेंसी के बगल, हैलट के किचन के पास, सौ नंबर वार्ड व बाल रोग अस्पताल के पास पीने के पानी की सुविधा है।
लेकिन वर्तमान में इन पाइपों से गर्म पानी आ रहा है, इस वजह से दोपहर के समय इन पाइपों के पास सन्नाटा रहता है और मरीजों व तीमारदारों को ठंडा पानी खरीदना पड़ता है। यहीं हाल उर्सला का भी है। यहां पर ओपीडी के हर ब्लॉक, ऑक्सीजन प्लांट के सामने व इमरजेंसी गेट पर पानी तो लगा है, लेकिन यहां भी गर्म पानी आ रहा है। इसी तरह बिरहाना रोड स्थित केपीएम और रामादेवी स्थित कांशीराम संयुक्त अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को गर्म पानी पीना पड़ रहा है।
हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ.आरके सिंह ने बताया कि अस्पताल की छत पर ठंडे पानी के लिए चिलर लगे है, जिनको जल्द ही चालू कराया जाएगा, इस संबंध में संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए है। उर्सला के निदेशक डॉ.हरिदास अग्रवाल के मुताबिक गर्मी को देखते अस्पताल के संबंधित स्टाफ को ठंडे पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए है।
केपीएम अस्पताल के सीएमएस डॉ. रामचंद्र यादव और कांशीराम अस्पताल के सीएमएस डॉ.स्वदेश गुप्ता के मुताबित साफ-सफाई व आरओ मशीन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही मरीजों को मशीन से ठंडा पानी मिलने लगेगा।
