तीन दिनों से खेत में टूटी पड़ी थी एचटी लाइन, नहीं चेता बिजली विभाग-करंट लगने से किसान की मौत
राजीचौराहा/ बहराइच, अमृत विचार। जनपद के सिंगिया नसीरपुर बांध के किनारे तीन दिन से पड़े हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर बुधवार को किसान की करंट लगने से मौत हो गई। राजस्व पुलिस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगिया नसीरपुर गांव में एचटी लाइन तीन दिनों से खेत में गिरा पड़ा था। इसकी जानकारी गांव के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दी, लेकिन सूचना के बाद भी बिजली विभाग की ओर से एचटी लाइन को जोड़ा नहीं गया। जिसकी कीमत गांव निवासी किसान को चुकानी पड़ी। गांव निवासी किसान सकटू (66) पुत्र पांचू बुधवार को नित्यक्रिया के लिए जा रहे थे। अंजाने में वृद्ध करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की जानकारी पुलिस के साथ एसडीएम को दी गई। जिस पर प्रभारी निरीक्षक संतोष सरोज, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने ग्रामीणों का बयान दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। सभी का कहना है कि अगर बिजली विभाग सतर्क होता तो ऐसी घटना न होती। मालूम हो कि मृतक किसान कटान पीड़ित था। वह बंधे के निकट मकान बनाकर रहता था।
ये भी पढ़ें -Shravasti accident: सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, कार्रवाई करेगी पुलिस
