Kannauj: लखनऊ से आगरा जा रही रोडवेज बस में लगी आग; चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान, आग पर पाया काबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चालक ने बस रोककर सवारियों को नीचे उतारकर सामान फेंका, सभी सुरक्षित

कन्नौज, अमृत विचार। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से आगरा जाते समय रोडवेज बस की एसी पिंक सेवा बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना से सवारियों में हड़कंप मच गया। चालक ने सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। घटना की सूचना पर यूपीडा का टैंकर एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंच कर आग पर काबू पाया तब तक बस जल चुकी थी।
     
आगरा के मालपुरा निवासी चालक सुरेंद्र सिंह पुत्र सौदान सिंह साथी परिचालक रवींद्र वर्मा पुत्र सुरेश चंद्र वर्मा निवासी शाहगंज आगरा के साथ ताज डिपो की एसी पिंक बस में 14 सवारियां लेकर लखनऊ से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जा रहा था। 

बस सौरिख थाना क्षेत्र के नगला वीरभान गांव के पास पहुंची तभी इंजन में आग की लपटें देखकर चालक भयभीत हो गया और सूझबूझ से बस को पीली पट्टी पर खड़ा कर आनन-फानन में सभी सवारियों को नीचे उतार दिया और बस में रखा सामान नीचे फेंक दिया। घटना से सवारियों में हड़कम्प मच गया और कुछ ही क्षणों में बस लपटों के साथ धू-धूकर जलने लगी। 

सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सचिन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष तालग्राम पारूल चौधरी समेत यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह पानी के टैंकर लेकर पहुंचे। सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंच गई और कड़ी मशक्कत से लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका तब तक बस जल चुकी थी। मौजूद सवारियों को अन्य वाहनों से रवाना किया गया। यूपीडा अधिकारियों ने आग लगने का कारण गैस रिसाव बताया है और कहा कि सभी लोग सुरक्षित है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: ईद की नमाज में बाधा पैदा करना सपा नेता को पड़ा भारी; डीसीपी वेस्ट ने लिया हिरासत में

 

संबंधित समाचार