Kannauj News: अराजकतत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा तोड़ी...आक्रोशित समाज के लिए लोगों ने जमकर किया हंगामा, FIR दर्ज
कन्नौज में अराजकतत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा तोड़ी
कन्नौज, अमृत विचार। तिर्वा में अराजकतत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आक्रोशित हुए समाज के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और नई प्रतिमा लगवाने की मांग की। प्रशासन ने तुरंत नई प्रतिमा लगवाकर लोगों को शांत कराया। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के पाला गांव में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित थी। गुरुवार देर रात किसी अराजक तत्व ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह गांव के लोगों को जानकारी हुई तो रोष हो गया और मौके पर भीड़ जुटना शुरू हो गई।
घटना की जानकारी होते ही कोतवाल जेपी गंगवार पुलिस बल के साथ पहुंच गए और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। लोग आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर घटना के खुलासे को लेकर मांग करने लगे। माहौल बिगड़ता देख एएसपी संसार सिंह, छिबरामऊ सदर सीओ ओमकार शर्मा, सदर कोतवाल दिग्विजय सिंह, ठठिया थानाध्यक्ष किशनपाल, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष आनंद कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये।
एएसपी ने सभी लोगों को शांत कराया और रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। प्रशासन ने आनन-फानन औरैया जनपद के अजीतमल से बाबा साहेब की नई प्रतिमा मंगवाकर लगवा दी। इसके बाद एएसपी समेत सभी पुलिस अधिकारियों व लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाबा साहेब समिति की अध्यक्ष पाला गांव निवासी शशिप्रभा की तहरीर पर अज्ञात लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
