बहराइच: तेंदुए के लगातार हमलों से दहशत में ग्रामीण, किया जोरदार प्रदर्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिहीपुरवा/ बहराइच, अमृत विचार। ककरहा रेंज के जंगलों से सटे गांव में तेंदुआ हमला कर रहा है। सूचना के बाद तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से बचाव के कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत पचासा बेझा गांव में आठ अप्रैल से तेंदुआ की आमद काफी बढ़ गई है। तेंदुआ ने गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र श्री राम पर खेत में काम करते समय हमला कर दिया। सूचना पाकर गोकुलपुर वन चौकी के फॉरेस्ट गार्ड और वाचर मौके पर पहुंचे इसी दौरान तेंदुआ ने वाचर पर भी हमला कर दिया। रविवार को भी तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला किया। इतना ही नहीं तेंदुए का मूवमेंट निरंतर गांव के आसपास दिख रहा है। इसकी जानकारी वन विभाग को देकर ग्रामीणों ने पिंजड़ा लगाने की मांग की, लेकिन तेंदुआ को पकड़ने या जंगल की ओर खदेड़ने के लिए वन विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। निरंतर तेंदुआ के खेतों और घरों के पास दिखने के चलते लोग काम नहीं कर पा रहे हैं। जिसके चलते नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। 

ग्राम प्रधान मनीष कुमार का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग पिंजरा लगवाए। प्रदर्शन के दौरान सुनील कुमार, रमेश, बबलू, बच्चू लाल, सुरेश कुमार, अशोक कुमार, अवधेश, कमलेश, वीरेंद्र, रोशन लाल, शिवा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -10 साल में भाजपा सरकार ने देश के विकास की गति को दी रफ्तार :अनिल राजभर

संबंधित समाचार