रामनगर: फाटो जोन में दो जिप्सियों व दो गाइडों के प्रवेश पर प्रतिबंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो पर्यटन जोन में नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में दो जिप्सियों, दो चालकों और दो गाइडों के फाटो जोन में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने कार्रवाई करते हुए कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

 बता दें कि फाटो जोन में पर्यटकों को भ्रमण करा रहीं दो जिप्सियां जंगली हाथी के बिल्कुल समीप पहुंच गईं। जिसकी पर्यटक फोटो खींचते रहे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ। जिसमें पर्यटक बहुत अच्छी वीडियो बनी कहते दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि पास तक जाने के बावजूद हाथी ने पर्यटकों पर हमला नहीं किया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

 इधर, वीडियो वायरल होने पर डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों जिप्सियों व उनके चालकों और दोनों गाइडों के फाटो जोन में प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश मातहतों को दिए हैं। डीएफओ ने कहा कि वन्य जीवों के पास जिप्सी ले जाने से जहां वन्य जीवों के स्वछंद विचरण में खलल पड़ता है। वहीं यह बेहद खरनाक और गैर जिम्मेदाराना कृत्य है। इससे पर्यटकों की जान को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के साथ किसी भी प्रकार की दखलंदाजी व पर्यटकों की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

संबंधित समाचार