रामपुर: रजा लाइब्रेरी में रामनवमी पर लगी विभिन्न भाषाओं की रामायणों की प्रदर्शनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन करते संरक्षण प्रयोगशाला प्रभारी अरूण कुमार सक्सेना

रामपुर, अमृत विचार। रजा लाइब्रेरी एंड म्यूजियम में रामनवमी के अवसर पर लाइब्रेरी में संग्रहित पवित्र रामायण की विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

रजा लाइब्रेरी के वरिष्ठ तकनीकी रेस्टोरर अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि लाइब्रेरी में अन्य भाषाओं के साथ-साथ संस्कृत भाषा की पाण्डुलिपियां मौजूद हैं। इन पांडुलिपियों में रामायण की बहुत सी दुर्लभ प्रतियां संग्रहीत हैं। समय-समय पर लाइब्रेरी विभिन्न उत्सवों एवं त्योहारों पर विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन करती है।

प्रदर्शनी का आगाज  संरक्षण प्रयोगशाला प्रभारी एवं वरिष्ठ तकनीकी रेस्टोरर अरूण कुमार सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी के दरबार हॉल में रामनवमी के शुभ अवसर पर लाइब्रेरी में संग्रहित विभिन्न भाषाओं की रामायणों की प्रतियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही भगवान श्री राम के विभिन्न चित्रों को फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। 

रजा लाइब्रेरी एंड म्यूजियम अपने अनमोल संग्रह के कारण दुनिया भर में प्रसिद्ध है। रजा लाइब्रेरी एक ऐसा अमूल्य खजाना है जिसमें विभिन्न भाषाओं और लिपियों में रामायण की दुर्लभ प्रतियां संग्रहीत हैं। लाइब्रेरी सर्वधर्म समभाव के सिद्धांत को अपनाते हुए अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ रही है। लोगों के बीच सद्भावना के सन्देश का प्रचार करती है। 

उन्होंने यह भी कहा कि गत 17 जनवरी 2024 को रामोत्सव के अवसर पर भी लाइब्रेरी द्वारा भारतीय चित्रकला में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम विषय पर पवित्र रामायण की विशेष प्रदर्शनी का भव्य स्तर पर आयोजन किया जा चुका है। 

इस अवसर पर प्रदर्शनी में लाइब्रेरी में सरक्षित रामायण की विभिन्न भाषाओं की पांडुलिपियों जैसे-फारसी में अनुवादित वाल्मीकि रामायण, श्रीरामचन्द्रस्तवराज स्तोत्रम्, रामाष्टकम्, श्रीमद्भगवतपुराण नवम् स्कन्ध, रामायण सुन्दर कांड,रामायण किष्किंधा कांड,रामायण उत्तर कांड एवं दुर्लभ मुद्रित पुस्तकों रूहानी रामायण, रामचर्चा, रामायण तस्वीर एवं पंडित ज्वाला प्रसाद मिश्र की टीका रामायण श्री गोस्वामी तुलसीदास कृत के अतिरिक्त वाल्मीकि रामायण के दुर्लभ लघुचित्रों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी 18 से 30 अप्रैल 2024 तक प्रदर्शित की जाएगी। इस अवसर पर नवेद कैसर, मोहनी रानी, सनम अली खां समेत काफी लोग मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- रामपुर: बीबी फातिमा के मजार की तामीर कराने के लिए राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

 

संबंधित समाचार