बदायूं: फंदे पर लटका मिला महिला का शव, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

बदायूं: फंदे पर लटका मिला महिला का शव, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

बदायूं, अमृत विचार। एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मायका पक्ष पहुंचा। ससुरालीजनों पर हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामयखेड़ा निवासी नेकराम की बेटी शोभा (22) की शादी प्रशासन की ओर से ब्लॉक उझानी में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव सतेती चूरा पट्टी निवासी प्रमोद पुत्र रामबाबू के साथ हुई थी। शादी में नेकराम ने प्रमोद को प्लेटिना बाइक दी थी। 

आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रमोद के परिजन बुलेट की मांग करने लगे। प्रमोद ने डंडे मारकर अपनी प्लेटिना बाइक तोड़ दी थी। बुलेट न मिलने पर महिला के साथ मारपीट करने लगे। शुक्रवार को ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज के लिए शोभा से मारपीट की थी। 

नेकराम का आरोप है कि ससुरालीजनों ने शोभा की पीटकर हत्या की और शव को फंदे पर लटका दिया। मायका पक्ष को सूचना दी कि शोभा की तबियत खराब है। जल्दी आ जाओ। मायका पक्ष मौके पर पहुंचा तो शोभा मृत मिली। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायका पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: मेले में महिला पर कसी फब्तियां, विरोध पर चले जूते-चप्पल