हल्द्वानी: सड़क हादसे में युवक की मौत, 12 घंटे बाद हुई पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बीती रात रामपुर रोड में एक किशोर हादसे का शिकार हो गया। अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस न तो टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर पाई और किशोर की शिनाख्त करने में भी उसे 12 घंटे से अधिक का समय लगा गया। शनिवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। 

घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है। चुनाव ड्यूटी से लौट रहीं महिला पीएसी कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी कि रामपुर रोड स्थित एक बारात घर के पास किशोर सड़क पर लहूलुहान पड़ा है। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिनाख्त न होने पर शव को मॉर्चरी भेज दिया गया। इधर, पूरी रात किशोर के घर न पहुंचने से चिंतित उसके परिजन उसकी तलाश करते हुए टीपीनगर चौकी पहुंचे तो उन्हें एक किशोर के मौत की सूचना मिली। उन्हें पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया तो उन्होंने किशोर की शिनाख्त की।

टीपीनगर चौकी प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि मृतक रामपुर रोड जीतपुर नेगी निवासी संदीप (17 वर्ष) पुत्र सुरेश राम है। चौकी प्रभारी का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, इसके लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। 

संबंधित समाचार