रामनगर: साइबर सेल ने भाजपा नगर अध्यक्ष को दिया नोटिस

रामनगर: साइबर सेल ने भाजपा नगर अध्यक्ष को दिया नोटिस

रामनगर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में गढ़वाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो चलाने के मामले में पौड़ी जिला पुलिस की साइबर सेल ने रामनगर के भाजपा नगर अध्यक्ष को नोटिस जारी है। साइबर सेल ने जोशी को 23 अप्रैल को कोटद्वार कार्यालय में तलब किया है।

आरोप है कि मतदान से पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने अपने फेसबुक एकाउंट से एक वीडियो शेयर किया था। इसमें निर्माणाधीन एक बहुमंजिला भवन को गणेश गोदियाल का निर्माणाधीन रिजॉर्ट बताया था। वीडियो में गोदियाल ने चुनावी खर्चे के लिए जनता से अपील का भी उपहास उड़ाते हुए कहा गया था कि रिजॉर्ट बनवाने वाला व्यक्ति लोगों से चंदा मांगकर गुमराह कर रहा है।

वीडियो में निर्माणाधीन रिजॉर्ट में चोरी की लकड़ी के उपयोग का भी आरोप लगाया गया था। इस मामले में गोदियाल की शिकायत के बाद पौड़ी के कोटद्वार साइबर सेल ने भाजपा नेता मदन जोशी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में जोशी को 23 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक साइबर सेल कोटद्वार कार्यालय में उपस्थित होकर पक्ष रखने के लिए कहा गया है। ऐसा न करने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।

उधर, मामले में भाजपा नेता मदन जोशी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए चुनाव-प्रचार में गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, लेकिन उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। सही बात करने पर पुलिस से उन्हें नोटिस भेजा है।