बहराइच: कार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक समेत छह घायल

लखनऊ से वाहन की बुकिंग कर जा रहे थे श्रावस्ती

बहराइच: कार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक समेत छह घायल

बहराइच, अमृत विचार। नानपारा बहराइच मार्ग पर सोहरवा गांव के पास देर रात को कार में अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मरी दी। जिसमें दंपती और मासूम बेटे समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के पटपरगंज निवासी हाशिम गांव के अन्य लोगों के साथ मुंबई में रहकर कैटरिंग का काम करते हैं। वहीं पर बच्चे पढ़ाई करते हैं। इस समय गर्मी की छुट्टी होने के चलते हाशिम अन्य परिवार के लोगों के साथ मुंबई से ट्रेन द्वारा लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन रविवार शाम को सात बजे उतरे।

इसके बाद एक वाहन की बुकिंग कराई। वाहन में परिवार के इस्माइल पुत्र सूबेदार, मीना पत्नी हाशिम, हाकिम पुत्र इस्माइल, आफरीन पत्नी हाकिम, मोहम्मद अजान (8 माह) पुत्र हाकिम और तीन बच्चे सभी श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटपरगंज के लिए रवाना हुए। 

वहीं नानपारा बहराइच मार्ग पर राम गांव थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव के पास कार में दूसरे चार पहिया अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें चालक समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार लोगों को अधिक चोट आई है। कार चालक का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर शहर के स्टेशन रोड पर देर रात को अज्ञात वाहन ने चार पहिया वाहन में टक्कर मार दी। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घायल नहीं हुआ।

पूर्व ग्राम प्रधान ने बुलवाया एंबुलेंस

सोहरवा गांव में सड़क हादसे के बाद रात 11 बजे सभी घायल तड़प रहे थे। तभी एक कार्यक्रम में शामिल होकर रिसिया थाना क्षेत्र के गोकुलपुर के पूर्व ग्राम प्रधान मेराज अहमद किसी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। उन्होंने घायलों को देख अपना वाहन रुकवाया और 108 एंबुलेंस को फोन कर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

ये भी पढ़ें:- बहराइच: दो दिन से लापता युवक का नदी में उतराता मिला शव