लखनऊ: धूप दिखाने लगी तेवर,अब परेशान करेगी लू

लखनऊ: धूप दिखाने लगी तेवर,अब परेशान करेगी लू

लखनऊ,अमृत विचार। एक दिन पहले बादल छाए रहने से आई मामूली गिरावट के बाद सोमवार को धूप ने अपने तेवर दिखाए। गर्म हवाएं चलीं और मौसम शुष्क हुआ। आने वाले दिनों में अब लू लोगों को परेशान करेगा। मौसम अनुसंधान विभाग ने आने वाले दिनों में लू (ताप लहर) का अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ और आसपास के जनपदों में बीते कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोत्तरी महसूस हुई। गर्म हवाएं भी चल रही हैं। ऐसे में रोजमर्रा के कार्यों के लिए घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बच्चे और बुजुर्ग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। मौसम अनुसंधान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एके सिंह के अनुसार, सोमवार को 20 से 30 किमी प्रति घण्टा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने के चलते गर्म हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी। लू भी चल सकती है। उन्होंने मंगलवार को पश्चिमी क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई। कहीं - कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसका असर मध्य क्षेत्र (लखनऊ और आसपास) में भी देखने को मिल सकता है।

न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी

लखनऊ और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। ऐसे में रात खासी गर्म रही।

सिर ढक कर घर से निकलें

वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, जरूरी होने पर ही घर से निकलें, खासकर बुजुर्ग और बच्चों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों को ढककर निकलना चाहिए। तेज धूप के असर से कमजोरी अथवा हीट स्ट्रोक भी हो सकता है। तरल पदार्थ का सेवन लाभकारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:लखनऊ: पुलिसकर्मी बनकर सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी से उतरवाए आभूषण