टनकपुर: सड़क हादसों में शिक्षक समेत सात घायल, दो रेफर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर/चम्पावत, अमृत विचार। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के बिचई के पास हुए हादसे में छह लोग चोटिल हो गए। जबकि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानेश्वर के पास मंगलवार दोपहर दुर्घटना में एक शिक्षक घायल हो गया। दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई के पास एक कार कैंटर (यूके 18 सीए/5400) से जा टकराई। हादसे में बिचई निवासी किरन देवी (65), नीरज सिंह (20), सागर सिंह (18), महेश सिंह (19), मदन सिंह (28) और राधा देवी (23) जख्मी हो गए। घायलों को तुरंत टनकपुर के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मदन सिंह और महेश सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया है। कार सवार सभी लोग पिथौरागढ़ से पूजा कर लौट रहे थे। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि घायलों के परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। दुर्घटना के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है।

वहीं एनएच पर मंगलवार अपरान्ह मानेश्वर के पास एक कार दीवार से टकरा गई। जीआईसी लोहाघाट के शिक्षक राजेंद्र गिरी चम्पावत में एक विवाह कार्यक्रम से वापस लोहाघाट जा रहे थे। वहां से गुजर रहे लोहाघाट के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और प्रधानाचार्य श्याम दत्त चौबे ने घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पीएमएस डॉ. पीएस खोलिया का कहना है कि शिक्षक की स्थिति खतरे से बाहर है।

संबंधित समाचार