मुरादाबाद: किसान के परिजनों को गन प्वाइंट पर लेकर तीन लाख की लूट
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने किसान के घर को निशाना बना लिया। मौजूद परिजनों को गन प्वाइंट पर लेने के बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। जेवर न मिलने पर बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी तो उन्होंने जमीन में दबे जेवर निकालकर दे दिए। नकदी-जेवर …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने किसान के घर को निशाना बना लिया। मौजूद परिजनों को गन प्वाइंट पर लेने के बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। जेवर न मिलने पर बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी तो उन्होंने जमीन में दबे जेवर निकालकर दे दिए। नकदी-जेवर समेत करीब तीन लाख का माल लेकर सभी को धमकाते हुए बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास रहने वाले रिश्तेदार भी आ गए।
आनन-फानन में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फोर्स ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसएसपी ने भी मौका-मुआयना कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
लूट की यह वारदात मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम दौलरा की है। गांव निवासी मैहरुद्दीन उर्फ नन्हें खेती किसानी करते हैं। उनके अनुसार पत्नी बख्तरी के कान में कई दिनों से दर्द था। जिस पर वह मंगलवार को भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में पत्नी को दवा दिलवाने गया था। घर में उसका बेटा मुस्तफा अनस, बेटी फूलजहां और जुबैदा थी। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद दोनों बरामदे में सोने लगे। बताते हैं कि रात करीब पौने एक बजे दो बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस आए। जबकि एक बाहर खड़ा था। आते ही बदमाशों ने दोनों को गन प्वाइंट पर ले लिया। धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी।
बताते हैं कि जब जेवर नहीं मिले तो फिर बदमाशों ने उनको धमकाया। जान से मारने की धमकी देने लगे। घबराए मुस्तफा ने जमीन में दबे तीन तोले सोने के जेवर और करीब पौन किलो चांदी के जेवर निकालकर दे दिए। इसके बाद बदमाश दोनों को धमकाते हुए दीवार फांदकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद मुस्तफा ने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाली बुआ व अन्य परिजन भी मौके पर आ गए। नजारा देख सभी के होश उड़ गए।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बताते हैं कि पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बुधवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अमित आनंद और सीओ हाईवे अनिल कुमार यादव के साथ फारेंसिक टीम भी मौके पर आ गई। मुस्तफा ने बताया कि बदमाश जेवर व नकदी समेत करीब तीन लाख का माल ले गए हैं। मौका-मुआयना करने के बाद एसएसपी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को वजन करवाकर रखे थे जेवर
मुरादाबाद। परिजनों को बंधक बनाकर हुई लूट की सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में किसान नन्हें के बेटे मुस्तफा ने बताया कि करीब चार माह पहले उसका निकाह भूरी के साथ हुआ था। भूरी का भी जेवर घर में ही था। मुस्तफा ने बताया कि मंगलवार को उसने सभी जेवरों का वजन कराया था। बाद में घर में जमीन खोदकर एक बर्तन में रख दिए। बदमाशों को जब जेवर नहीं मिले तो उन्होंने गोली मारने की धमकी दी। जिस पर उसकी बहन घबरा गई और जेवरों के बारे में बता दिया। इसके बाद एक बदमाश ने खुद जमीन खोदकर जेवर निकाले और फरार हो गए। करीब बीस मिनट बाद सभी धमकाते हुए फरार हो गए। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस जेवर का वजन कराते वक्त दुकान पर कितने लोग थे, इसकी भी जानकारी कर रही है।
