काशीपुर: दो प्रॉपर्टी डीलरों पर 1.24 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने दो प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ जमीन बेचने का झांसा देकर 1.24 करोड़ रुपए की रकम ऐंठने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जसपुर खुर्द निवासी अहसान अली पुत्र मोहम्मद अली ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि  उसने मानपुर रोड निवासी सुनील छाबड़ा पुत्र ओम प्रकाश  व जसपुर खुर्द निवासी प्रीतपाल बेन्स पुत्र सुखवंत सिंह से जसपुर खुर्द स्थित खसरा नम्बर-342 का सौदा 04 नवंबर 2020 को एक करोड़ चौबीस लाख पचास हजार रुपए मे तय किया था।

इस आराजी का बैनामा 30 जून 2022 को होना था। इकरारनामा होने पर उसने सुनील व प्रीत पाल को 22 बार में उक्त रकम अदा की। उसने काफी रकम सुनील छाबड़ा और प्रीत पाल के खातों में डाली। कुछ रकम उनके द्वारा अन्य खातों में डलवाई गई। जबकि बाकी रकम उन्होंने नकद प्राप्त की। पूरी रकम अदा करने के बाद उसने बैनामा कराने को कहा तो सुनील छाबड़ा और प्रीत पाल बेन्स  आग बबूला हो गये और उसे गालियां देने लगे।

उन्होंने बैनामा कराने से साफ इंकार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई कर कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। शुक्रवार को आईटीआई पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन की धाराओं में  केस दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार