Unnao: गंगाघाट ब्रह्म सभा ने कराया उपनयन संस्कार व सामूहिक विवाह, 6 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, बटुकों ने लिया गुरु मंत्र
70 बटुकों का उपनयन संस्कार व 6 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न
गंगाघाट ब्रह्म सभा की ओर से शुक्रवार को निशुल्क उपनयन संस्कार एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 70 बटुकों का उपनयन संस्कार व 6 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट ब्रह्म सभा की ओर से शुक्रवार को निशुल्क उपनयन संस्कार एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां ब्रह्म सभा की ओर से बटुकों को वस्त्र से लेकर पूजा की पूरी सामग्री मुहैया करायी गयी। जिसके बाद आचार्यों ने विधि विधान से सभी का उपनयन संस्कार कराया।
इसके साथ ही रात में छह जोड़ों का विवाह कराया गया। जहां उन्हें दहेज भी दिया गया। बता दें, ब्रह्म सभा की ओर से गोपीनाथपुरम स्थित गोपीनाथ चंद्रावती स्कूल में 70 बटुकों का उपनयन संस्कार कराया गया। जहां आचार्यों ने बटुको को मंत्रोच्चार के साथ यज्ञोपवीत धारण करवाया। जिसके बाद सभी बटुक राजधानी मार्ग होते हुये नारदानंद ऋषि आश्रम पहुंचे।
जहां सभी ने मां से आशीर्वाद लिया उनके वापस आने के बाद माता-पिता और परिजनों ने सभी का स्वागत किया। जिसके बाद बटुकों ने भिक्षा मांगी। जिस पर उन्हें नए वस्त्र शगुन की राशि सहित अनेकों उपहार दिये गये। वहीं शाम के समय स्कूल प्रांगण में छह जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
ऋषि आश्रम से नौ दूल्हे बारात लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुयी। जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिये आशुतोष शुक्ला, गुरू प्रसाद त्रिपाठी, संपूर्णानंद शास्त्री, अंकुर शुक्ला, प्रमोद त्रिवेदी, अंजनी अग्निहोत्री, आशुतोष शुक्ला, अवनीश शुक्ला, पालिकाध्यक्ष कौमुदी पांडे, संदीप पांडे, श्रीकांत पांडे, जय शंकर मिश्र, दिनेश अवस्थी, के डी त्रिवेदी, अंजनी मिश्रा, लालाराम शुक्ला, अनुज तिवारी, बी डी त्रिवेदी पहुंचे।
इन जोड़ों ने थामा एक दूसरे का हाथ
सामूहिक विवाह में प्रियंका द्विवेदी संग हरिओम बाजपेई, काजल संग आशीष, गंगादेवी संग कपिल, स्तुति संग जीतेन्द्र, सोनी संग सुरेश, लक्ष्मी देवी संग राज ने एक दूसरे का हाथ थाम कर सात फेरे लिये।