हल्द्वानी: 22 दिन से फरार है अफसाना का हत्यारा, लोकेशन मिली न बच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सौरभ पेशेवर अपराधी नहीं है, लेकिन उस पर अपनी ही पत्नी की गला घोंट कर हत्या करने का आरोप है। पत्नी की हत्या के बाद वह अपनी दोनों नाबालिग बेटियों को लेकर फरार है। इस बात को 22 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने तो उसकी लोकेशन ट्रेस कर पाई और न ही बच्चियों का पता लगा सकी। बच्चियां हत्या की गवाह भी हैं और दोनों हत्यारे के साथ हैं। ऐसे में उनकी जान भी खतरे में है।  

8 अप्रैल की अफसाना पत्नी सौरभ की हत्या की गई थी। मूलरूप से रुद्रपुर सुभाष कालोनी का रहने वाला सौरभ करीब दो माह पहले ही शिवाजी कालोनी टीपीनगर में किराए के मकान में रहने आया था। 10 अप्रैल को अफसाना का किराए के कमरे में मिला। कमरा बाहर से बंद था। घटना की रात सौरभ घर आया था। उसने पत्नी का गला घोंटा और बेटियों को लेकर फरार हो गया। 12 अप्रैल को पुलिस ने सड़े-गले शव का पोस्टमार्टम कराया था। इसके बाद एसओजी व ट्रांसपोर्टनगर पुलिस को हत्यारे की तलाश में लगाया गया। 

मुश्किल ये है कि पुलिस को सर्विलांस टीम की मदद नहीं मिल रही है। घटना से पहले सौरभ ने अपना फोन भाई को दे दिया था और घटना के बाद अफसाना का फोन लेकर फरार हो गया था। चालक सौरभ ने घटना स्थल के पास ही इस मोबाइल को भी बंद कर दिया और तब से फोन स्विच ऑफ है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के जरिये उसका पीछा कर रही है।

उसे आखिरी बार ट्रेन में देखा गया, जो बरेली जा रही थी, लेकिन उसे बरेली ट्रेस नहीं किया जा सका। तलाश में जुटी टीमें सौरभ को अब तक उत्तरप्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के हर संभावित क्षेत्र में तलाश चुकी है। कोतवाल उमेश कुमार मलिक का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

संबंधित समाचार