मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील, अखिलेश मुस्लिम विरोधी...बरेली में नोटा दबाएं मुसलमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मुफ्ती मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अखिलेश यादव को मुस्लिम विरोधी बताते हुए मुसलमानों से बरेली लोकसभा सीट पर नोटा का बटन दबाने की अपील की है। उन्होंने आंवला और बदायूं में बसपा प्रत्याशियों के भी समर्थन का एलान किया है।

मौलाना शहाबुद्दीन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोकसभा चुनाव में मुसलमान सवाल कर रहे हैं कि वोट किसे दें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी चुनावी सभाओं में मुसलमान शब्द का इस्तेमाल करते हुए डर रहे हैं। मंच से मुसलमानों को धक्के देकर उतारा जा रहा है। 22 मुस्लिम बहुल लोकसभा सीटों पर मुसलमानों को टिकट न देकर गैर मुस्लिम उम्मीदवार उतारे गए। सदन में मुसलमानों की नुमाइंदगी को एक साजिश के तहत खत्म किया जा रहा है। बरेली में हुई सपा की सभा में आजम खां का फोटो तक नहीं लगाया गया।

शहाबुद्दीन ने कहा कि अखिलेश मुसलमानों की दाढ़ी और टोपी से नफरत करते हैं। वह मुस्लिम वोटों की तिजारत कर रहे हैं लेकिन मुसलमान उनकी तिजारत को बंद कर देगा। उन्होंने कहा कि बरेली लोकसभा सीट पर कोई मुसलमान उम्मीदवार नहीं है। इसलिए मुसलमान नोटा का बटन दबाएं।

सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन पर भी उन्होंने मुसलमानों और उनके मुद्दों से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाया। इस दौरान मौलाना हाफिज नूर अहमद अजहरी, मुफ्ती मजहर इमाम कादरी, मौलाना मुजाहिद हुसैन, मौलाना अरबाज रजा, मौलाना अनिसुल रहमान, मौलाना अब्सार अहमद आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर मे लगी आग, मची अफरा-तफरी

 

संबंधित समाचार