लखनऊ में रफ्तार का कहर: कार ने स्कूटी सवार को उड़ाया, अलग-अलग हादसों में कई घायल

लखनऊ में रफ्तार का कहर: कार ने स्कूटी सवार को उड़ाया, अलग-अलग हादसों में कई घायल

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में तेज रफ्तार वाहनों का कहर बदस्तूर जा रही है। वाहन चालक फर्राटा भरने के साथ राहगीरों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई जख्मी हो गए। हालांकि, पीड़ितों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने वाहनों चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पहली घटना :- कार चालक ने स्कूटी सवार को उड़ाया

तालकटोरा थाना अंतर्गत राजाजीपुरम गोल चौराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने मूलरूप से मेरठ जनपद के मेडिकल कॉलेज निवासी स्कूटी सवार सुनील कुमार (45) को उड़ाया दिया। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से गाड़ी लेकर भाग निकला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां, कुछ घंटे के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र दुबे ने बताया कि मृतक के भाई अतुल कुमार की लिखित शिकायत पर अज्ञात कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।

दूसरी घटना :- घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम

बीते 16 अप्रैल की रात करीब नौ बजे मड़ियांव कोतवाली अंतर्गत ताड़ीखाना मछली मण्डी के पास तेज रफ्तार वाहन ने सीतापुर जनपद के लहरपुर निवासी रमाकान्त को कुचल दिया था। इस दुर्घटना में वह गंभीर रुप से घायल हो गए थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन्हें केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां अगले दिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र ने बताया कि मंगलवार को मृतक के भाई दिनेश कुमार की लिखित शिकायत पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक पर गैर-इरादन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।

तेज रफ्तार वाहनों की जद में आने से राहगीर जख्मी

दिनांक                पीड़ित                   समय                       घटनास्थल                     प्राथमिकी

28 अप्रैल              शैला                  रात 10.30 बजे            सीते विहार कॉलोनी          दुबग्गा
28 अप्रैल           रोहित सिंह            रात 9.30 बजे               सदर बाजार                    कैंट 
29 अप्रैल           लॉरेंस एंथोनी        सुबह 11:30 बजे            दिलकुशा गार्डन              कैंट

एसीपी के बेटे की मौत का ठंड हो गया अभियान

गौरतलब है कि 21 नवम्बर को गोमतीनगर विस्तार थाना अंतर्गत जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एडिशनल एसपी श्वेता श्रीवास्तव के इकलौते बेटे नैमिश (10) की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से राजधानी में तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया था, लेकिन समय बीतने के साथ ही ओवर स्पीडिंग वाहन चालकों पर की जाने वाली कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। यही वजह है कि राजधानी में  तेज रफ्तार का कहर मुसलसल जारी है।

यह भी पढ़ें:-डिंपल यादव का दावा- भाजपा अगर लोकसभा चुनाव जीती तो भारत 15 साल पीछे चला जाएगा