कासगंज: बाइक से टकराकर पेड़ में जा घुसी श्रद्धालुओं की कार, कई घायल
गाड़ी में सवार थे श्रद्धालु, खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे घर
मोहनपुरा, अमृत विचार। मंगलवार सुबह खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बोर्ड को तोड़ती हुई पेड़ में जा घुसी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सवारों को कार से निकाल कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना सुबह करीब 5.30 बजे जनपद के कस्बा मोहनपुरा में सलेमपुर तिराहे पर हुई। कार सवार श्रद्धालु सिकंदराराऊ की तरफ से आ रहे थे। सामने की तरफ से वाहन गुजर रहे थे, अचानक सलेमपुर तिराहे से एक बाइक सवार आ जाने से कार चालक हड़बड़ा गया। जिससे कार बाइक से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पेड़ में जा घुसी। कार को अमन पुत्र स्व. कृष्ण गोपाल निवासी सूरजपुर गदरपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड चला रहा था।
इस घटना में बाइक सवार श्यामवीर पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी उदयभान मुरसान जनपद हाथरस घायल हुआ है। वह मामूरगंज मोहनी में अपने किसी रिश्तेदार के यहां आया था। मोहनपुरा पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि घायल युवक को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। कार सवार लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। घटना की कोई तहरीर नहीं लिखी गई है, दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़े किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- कासगंज: शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी मतगणना, प्रशासन
