Kanpur Crime: दिवंगत IPS की बिल्डिंग में मिला वृद्ध का रक्तरंजित शव...दुर्गंध आने पर हुई जानकारी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में दिवंगत आईपीएस की बिल्डिंग में मिला वृद्ध का रक्तरंजित शव

कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थानाक्षेत्र के लखनपुर इलाके में दिवंगत आईपीएस की बिल्डिंग में एक वृद्ध सफाई कर्मी का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 

दरअसल दिवंगत आईपीएस की बिल्डिंग में अलग-अलग कंपनियों के ऑफिस हैं। वृद्ध उन ऑफिसों में साफ-सफाई का काम करता था। रविवार होने के कारण ऑफिस बंद थे, सोमवार को दुर्गंध उठी तो लोगों को जानकारी हो सकी है। 
 
लखनपुर निवासी राहुल मिश्रा ने सोमवार सुबह वृद्ध का रक्तरंजित शव देखा तो थाना पुलिस को सूचना दी। राहुल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनका गुरुदेव मेट्रो स्टेशन के पीछे बने दिवगंत आईपीएस आरके मिश्रा के मकान में ऑफिस है। बताया कि इस बिल्डिंग में कई अन्य ऑफिस बने हैं। 

दिवंगत आईपीएस का एक पुत्र आईएफएस और दूसरा बेटा सेल टैक्स कमिश्नर है। जिनकी ड्यूटी इस समय चुनाव में लगी है। दिवंगत आईपीएस का परिवार बिल्डिंग के आगे के भाग में रहता है। सोमवार सुबह जब वह अपने ऑफिस आए तो दुर्गंध आने पर ऊपरी मंजिल में गए जहां सर्विस क्वार्टर के पास कमरे और बाथरूम के बीच नवाबगंज परमियापुरवा निवासी 60 वर्षीय सफाई कर्मी मोहनलाल का शव पड़ा देखा। शव कई दिनों पुराना होने के चलते गलने लगा था। 

सफाई कर्मी के सिर पर चोट दिखी, जिससे काफी खून फर्श पर जमा था। राहुल ने बताया कि इसके बाद बिल्डिंग मालिक को घटना की जानकारी देने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया कि मृतक वृद्ध क्षेत्र में कई मकानों में सफाई का काम करता था। बताया कि मृतक बुजुर्ग सुबह से ही शराब पीने का लती था। रविवार को अधिकतर ऑफिस बंद रहते हैं। जिस कारण किसी को जानकारी नहीं हो सकी। 

बिल्डिंग के लोगों ने अंदाजा लगाया कि वृद्ध का शव जिस अवस्था में पड़ा मिला उससे अंदाजा लगाया जा रहा है, कि ऊपरी मंजिल में बने कमरे के पास बाथरूम में शौच के बाद बाहर निकला और पैर फिसल गया होगा। नशे में होने के चलते अपने आपको संभाल नहीं पाया और सिर के बल गिर गया होगा। जिससे सिर में चोट आई और सफाई कर्मी की मौत हो गई। 

इस संबंध में रावतपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि दिवंगत आईपीएस की बिल्डिंग में ऊपरी मंजिल में बने सर्वेंट क्वार्टर के बाथरूम के पास सफाई कर्मी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जो भी रिपोर्ट आती है, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कानपुर नगर निगम को क्या इसी दिन का था इंतजार...जिला न्यायालय के डिप्टी नाजिर की मौत के बाद हत्यारे सांड समेत 51 छुट्टा पशु पकड़े

 

संबंधित समाचार