Bareilly News: रबड़ी टोला में जरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, तफ्तीश में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

बरेली, अमृत विचार। बारादरी इलाके के मोहल्ला रबड़ी टोला में एक जरी कारोबारी की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के दौरान वह घर पर अकेला था, उसका पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। मौके पर कोई हथियार बरामद न होने की वजह से मामला हत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस आत्महत्या का शक जताते हुए जांच कर रही है।

रबड़ी टोला में रहने वाले जरी कारोबारी मोहम्मद बिलाल उर्फ बबलू की पत्नी गुलशन बानो मंगलवार को बच्चों के साथ मोहल्ले में ही रहने वाले अपने भाई के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे शादी समारोह से ही गुलशन ने बिलाल को यह कहने के लिए फोन किया कि वह मुंबई से बरेली लौट रहे अपने भाई को रिसीव कर ले लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी फोन नहीं उठा। इस पर गुलशन घर पहुंचीं तो वहां पहली मंजिल पर स्थित कमरे में बिलाल को खून से लथपथ पड़ा पाया। उनके सीने में गोली लगी हुई है।

गुलशन के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। थाना प्रभारी अमित पांडे भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने पहले घटना को आत्महत्या माना लेकिन काफी तलाश के बाद भी मौके पर गोली चलाने वाला कोई हथियार नहीं मिला तो हत्या का शक पैदा होने लगा। घटनास्थल पर पड़े रजाई-गद्दे भी बिखरे पड़े थे। परिवार के लोग भी घटना का कोई कारण साफ नहीं कर सके।

जरी कारोबारी बिलाल की मौत सीने पर गोली लगने से हुई है। घटना स्थल पर कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है जिसकी वजह से हत्या के पहलू पर भी जांच की जा रही है। परिवार ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। - अमित पांडे, थाना प्रभारी बारादरी

ये भी पढे़ं- Bareilly News: जमीन बेचने के बहाने बिल्डर से की 1.30 करोड़ की ठगी, रिपोर्ट दर्ज

 

संबंधित समाचार