अनुराग ठाकुर का आरोप- प्रचार के लिए भ्रम और ‘डीपफेक’ समेत सभी हथकंडे अपना रही है कांग्रेस

अनुराग ठाकुर का आरोप- प्रचार के लिए भ्रम और ‘डीपफेक’ समेत सभी हथकंडे अपना रही है कांग्रेस

लखनऊ (एजेंसी)। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसके शासन में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया था और अब वह अपने प्रचार के लिए भ्रम, अफवाह, ‘डीपफेक’ और अन्य सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार ने कथित अश्लील वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आने के मामले में आरोपी नेता प्रज्ज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की? 

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के कुछ उम्मीदवारों के नामांकन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश आए ठाकुर ने लखनऊ हवाई अड्डे पर  एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस के शासन में ही आपातकाल लगाकर लोकतंत्र खत्म कर दिया गया था।" 

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, "कांग्रेस भ्रम, अफवाह, डीपफेक और सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है। जिस तरह विदेशी ताकतें किसी भी देश को अस्थिर करने की कोशिश करती हैं, उसी तरह कांग्रेस अपने प्रचार के लिए सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।"

ठाकुर ने कहा, "वे (कांग्रेस) लगातार झूठ बोलते रहे हैं। वे कहते हैं कि आरक्षण खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। सच तो यह है कि मोदी सरकार ने 10 साल तक शासन किया, आरक्षण की कोई बात नहीं हुई। मोदी राज में यह कभी खत्म नहीं होगा। हमने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को अधिकार दिए हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने उनके अधिकार छीन लिए हैं।"

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में आरक्षण खतरे में है, चाहे वह आंध्र प्रदेश हो, कर्नाटक हो या तेलंगाना। ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस ने डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को अपमानित और परेशान किया। नरेन्द्र मोदी के शासन में ही संविधान दिवस मनाया गया और 'पंच तीर्थ' बनाए गए। ‘सबका साथ सबका विकास’ हमारा नारा है।" 

उन्होंने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश के लोग नया रिकॉर्ड बनाएंगे और "400 पार" के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "चाहे 2014 हो या 2019, उत्तर प्रदेश की भूमिका हमेशा रही है। हमें मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।" समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "दो शहजादे पहले भी एक साथ आए थे। अब वे नए प्रिंट में आए हैं.... लेकिन वे ज्यादा कुछ नहीं कर पाएंगे।" 

अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गये ठाकुर से कर्नाटक के कथित अश्लील वीडियो क्लिप मामले के आरोपी प्रज्जवल रेवन्ना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "उनके परिवार या राजनीतिक दल से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। मैं राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से पूछना चाहता हूं कि उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की गई।" रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पौत्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री तथा जनता दल (सेक्युलर) नेता एच डी कुमारस्वामी के भतीजे हैं। हाल के दिनों में रेवन्ना से जुड़े कुछ अश्लील वीडियो क्लिप हासन में सामने आए जिसके बाद रेवन्ना को कल पार्टी से निलंबित कर दिया गया। 

पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आने वाले दिनों में राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, ठाकुर ने कहा, "जिन्होंने राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया, राम सेतु पर सवाल उठाए, राम मंदिर के मुकदमे को हराने के लिए अपनी पार्टी के वकील को तैनात किया, जो लोग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं हुए, उनसे कहना चाहता हूं कि चाहे आप कितनी भी नजरें फेर लें, अंतत: आपको भगवान राम के चरणों में ही आना है।" रामलला से उन्होंने क्या मांगा, इस पर ठाकुर कहा, "मैंने 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और विकसित देश के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "जो राम जी को लाए हैं, जनता उनको लाएगी।"  

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने की मांग- कोविशील्ड मामले की हो उच्च स्तरीय न्यायिक जांच, जिम्मेदार लोगों पर चले मुकदमा