Lok Sabha Chunav 2024: नेताजी की कर्मभूमि मैनपुरी पर देश की निगाह, रिकॉर्ड जीत के साथ जवाब देना...इटावा में चाचा-भतीजे BJP पर बरसे...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में अखिलेश यादव बोले कि भाजपा अनर्गल नीतियों से संविधान खत्म करना चाहती है

इटावा, अमृत विचार। पूरे देश की निगाह मैनपुरी संसदीय सीट पर है। खासतौर पर इस क्षेत्र से नेताजी स्व. मुलायम सिंह यादव का यहां की जनता से सदैव ही भावनात्मक जुड़ाव रहा है। जसवंतनगर के लोग नेताजी के पहले दिन के संघर्ष के साथी हैं, मैनपुरी लोकसभा नेताजी की कर्म भूमि से जानी जाती है। 

इस सीट पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को रिकार्ड मतों से जिताकर झूठ फरेब और नफरत फैलाने की राजनीति करने वालों को सबक सिखा देना। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जसवंतनगर क्षेत्र में ताबड़तोड़ जनसभाओं में मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि इलेक्शन बांड में भाजपा की पोल खुल गई। भाजपा वालों ने देशवासियों की जान का सौदा करके वैक्सीन कंपनी पर भी कमीशन लेकर सभी की जान को खतरे में डाला। भाजपा के लोग दूसरे चरण के मतदान के बाद 400 पार का नारा भूल गए। 

अब अमर्यादित बयानबाजी पर उतर आए। अब चाचा शिवपाल सिंह ने इनका वोटों से इलाज करने की ठान ली है। भाजपा ने देश में सब कुछ उल्टा-पुल्टा कर देश को बर्बाद कर संविधान को भी बदलना चाहती है। नोट बंदी करके,अग्निवीर योजना लाके युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर दिया।

इनको पता था कि फौज में गरीबों के बच्चे ही जाते हैं। किसान भाइयों को भी बर्बाद कर उनकी खाद की बोरी चोरी कर ली। सपा गठबंधन की सरकार आएगी तो अग्निवीर योजना खत्म कर युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। पेंशन की सुविधाओं का इंतजाम करेगे।गरीब और किसानों को आटा के साथ डाटा भी फ्री मिलेगा। किसानों का कर्ज माफ होगा।

राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के साथ उन्होंने  रायनगर, बलरई, धनुआं इलाके में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं की। आयोजक प्रो. बृजेश यादव,अनुज मोंटी यादव, विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू,अनुज प्रताप यादव, अनिल प्रताप यादव व कार्यकर्ता पदाधिकारियों ने तलवार गधा प्रतीक चिन्ह देकर सपा सुप्रीमो और सपा महासचिव का स्वागत किया। 

सभा में पूर्व सांसद एसटी हसन, आशु मलिक, प्रदीप शाक्य, मलखान सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव गोपाल यादव, पूर्व प्रधानाचार्य विश्राम सिंह यादव, कृष्ण यादव राजेंद्र प्रसाद यादव, महासचिव अनीता यादव, सत्यनारायण शंखवार, अशांक यादव, आशुतोष यादव, राजपाल यादव साहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- PM Modi Road Show: कानपुर में चार मई को गुमटी गुरुद्वारे से पीएम मोदी का शुरू होगा रोड शो...पार्षद जुटाएंगे भीड़

संबंधित समाचार