रामपुर: खेत पर जा रहे भूसा कारोबारी पर तेंदुए का हमला, घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तेंदुए के हमले से घायल हुआ किसान

सैफनी, अमृत विचार। खेत पर काम करने जा रहे किसान के सीने पर तेंदुए ने पंजा मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसान चीख-पुकार की आवाज सुनकर  मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। 

डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी गई जिसके बाद ग्रामीण को अस्पताल ले जाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने ऐसी किसी सूचना से इंकार किया है। लेकिन, तेंदुए के हमले में भूसा कारोबारी के घायल होने पर गांव में दहशत का माहौल है।

थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा खुर्द गांव निवासी जसवीर पुत्र हुलासी गेहूं का भूसा लेने व बेचने का काम करता है। बुधवार  दोपहर को भी वह गांव के जंगल से अपने भतीजे राजू और भांजे चरण सिंह को साथ लेकर भूसा देखने के लिए गया था। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुए ने उसके सीने पर पंजा मारते हुए हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। 

साथ गए लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोग शोर मचाते हुए मौके पर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। लोगों ने डायल 112 नम्बर पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद जसवीर को इलाज के लिए शाहबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। तेंदुए के हमले से गांव में दहशत बनी हुई है।

जंगल में तेंदुए की दस्तक से किसानों में दहशत, घर लौटे
गांव के जंगल में तेंदुए की दस्तक से किसानों में दहशत का माहौल है। खेतों पर काम कर रहे किसान भी डरकर अपने घर लौट गए। जिसके बाद आसपास के अन्य लोगों को जानकारी दी। जिसके बाद से अन्य किसान भी अब खेतों पर जाने से डर रहे हैं। इसके साथ ही तेंदुए के डर से पशुओं को लोगों ने  घरों में बांध लिया है,कहीं तेंदुआ उनके जानवरों को निशाना नहीं बना ले।

सैफनी के गांव चंद्रपुरा खुर्द में  तेंदुए ने ग्रामीण को हमला करके घायल कर दिया है।  ऐसी जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। उसके बाद अधिक जानकारी हो सकेगी। - राजीव कुमार,डीएफओ

ये भी पढे़ं- रामपुर: अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

 

संबंधित समाचार