सपा, बसपा और कांग्रेस का नहीं खुलेगा खाता, करण भूषण के नामांकन में बोले केशव मौर्य
गोंडा, अमृत विचार। पूरे देश में मोदी के नाम की सुनामी चल रही है, अबकी बार 400 पर जरूर होगा। उक्त बातें उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने रघुकुल विद्यापीठ में कैसरगंज से बीजेपी उम्मीदवार करणभूषण के नामांकन के मौके पर आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा ,बसपा कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा। पूरे देश में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आ रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दुष्प्रचार कर रहे हैं कि यदि भाजपा सत्ता में आएगी तो संविधान खतरे में हो जाएगा। कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिम तुष्टिकरण का कार्य किया है। मोदी सरकार ने 370 हटाकर वह कार्य किया है जो विपक्षी असंभव बता रहे थे। उन्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर की समस्या कांग्रेस की देन है। 370 भी कांग्रेस की देन थी। जिसकी वजह से हजारों सैनिक बलिदान हुए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला का भव्य मंदिर बनाकर मोदी जी ने सनातन को स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता जरूर लागू करेगी। अगली बार जब सत्ता में आएगी तो कई आमूल चूल परिवर्तन देश में होगा। विश्व स्तर पर भारत की इकोनॉमी में सुधार हो रहा है। पूरे विश्व में मोदी का डंका बज रहा है। भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए मोदी सरकार आज की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों की विरोधी रही है। दलित व पिछड़ों का हमेशा शोषण किया गया है। जबकि भाजपा ने हमेशा सबका साथ, सबका विश्वास व विकास में भरोसा जताया है।
लोकसभा चुनाव में सपा बसपा कांग्रेस का पूरी तरीके से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिन में विपक्षी पार्टियों का वजूद खत्म हो जाने वाला है। उपमुख्यमंत्री ने कैसरगंज भाजपा उम्मीदवार करणभूषण को जिताने की अपील लोगों से की।
इसके पूर्व सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ करनभूषण सिंह रघुकुल विद्यापीठ प्रांगण में पहुंचे और अपने पिता व डिप्टी सीएम का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, कर्नलगंज विधायक अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे, मनकापुर विधायक व पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-Video: रायबरेली वालों को धोखा देने आए हैं राहुल गांधी, नामांकन से पहले बोले भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह
